Bihar News : दूल्हा बनकर शादी करने पहुंचा कुख्यात अपराधी मंगल सिंह, पुलिस को देखकर हुआ फरार, तीन साथियों को उठा ले गयी पुलिस

Bihar News : दूल्हा बनकर शादी करने पहुंचा कुख्यात अपराधी मंग

SHEKHPURA : जिले के शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत चमारबीघा गांव में एक बारात के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस ने कुख्यात अपराधी मंगल सिंह की गिरफ्तारी के लिए अचानक दबिश दी। चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस व्यक्ति की तलाश में पुलिस पहुंची थी, वही मंगल सिंह खुद दूल्हा बना हुआ था। जानकारी के अनुसार, पटना जिले के सालिमपुर थाना पुलिस कई महीनों से वांटेड चल रहे मंगल सिंह का पीछा कर रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस बख्तियारपुर से उसका पीछा करते हुए शेखपुरा पहुंची।

बताया जाता है कि मंगल सिंह अपने तीन साथियों के साथ एक लग्जरी कार में सवार होकर बारात लेकर चमारबीघा गांव आया था। जैसे ही पुलिस को उसके वहां होने की सूचना मिली, सालिमपुर थाना पुलिस ने स्थानीय शेखोपुरसराय थाना अध्यक्ष विवेक कुमार चौधरी से सहयोग मांगा। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से बारात में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग कुछ समझ नहीं पाए। हालांकि, अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर दूल्हा बने मंगल सिंह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उस लग्जरी कार को भी जब्त कर लिया गया, जिसमें तलाशी के दौरान विदेशी शराब की बोतलें बरामद हुईं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटना जिले के टेका बीघा निवासी डोमन सिंह के पुत्र सुजीत कुमार, रामप्रवेश सिंह के पुत्र राकेश कुमार तथा मुगलपुर (बख्तियारपुर) निवासी अरविंद सिंह के पुत्र साहुल कुमार के रूप में हुई है। थाना अध्यक्ष विवेक कुमार चौधरी ने बताया कि तीनों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें शेखपुरा जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मंगल सिंह बख्तियारपुर का कुख्यात अपराधी है, जो जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट के मामलों में वांटेड है। बीती रात बारात में उसकी मौजूदगी की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की, लेकिन वह एक बार फिर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में चर्चा है कि पुलिस अब अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और उन्हें किसी भी हाल में पकड़ने के लिए सक्रिय कार्रवाई कर रही है।

उमेश की रिपोर्ट