Eid-ul-Fitr 2026: ईद-उल-फितर आज, पटना के गांधी मैदान में रोजेदार अदा करेंगे नमाज, सीएम नीतीश और निशांत के पहुंचने की उम्मीद, जुटने लगे नमाजी
Eid-ul-Fitr 2026: राजधानी पटना में आज ईद का जश्न पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा। शहर के ऐतिहासिक गांधी मैदान में नमाज-ए-ईद का मुख्य आयोजन किया जा रहा है। ईद के नमाज के लिए नमाजी गांधी मैदान पहुंच रहे हैं। सीएम नीतीश और निशांत भी शामिल हो सकते हैं।
Eid-ul-Fitr 2026: बिहार समेत पूरे देश में आज यानी शनिवार को ईद का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। राजधानी पटना में मुख्य नमाज गांधी मैदान में अदा की जाएगी, जहां करीब 20 हजार नमाजियों के जुटने की संभावना है। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और निशांत कुमार के भी पहुंचने की उम्मीद है। सीएम नीतीश हर साल गांधी मैदान ईद के मौके पर पहुंचते हैं। सीएम नीतीश के राज्यसभा जाने के बाद यह आखिरी मौका होगा जब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के रुप में गांधी मैदान में ईद के मौके पर शामिल होंगे।
गांधी मैदान में 7.30 में अदा होगी मुख्य नमाज
गांधी मैदान में सुबह 7:30 बजे मुख्य नमाज अदा की जाएगी। नमाजियों की सुविधा के लिए गेट नंबर 4, 5, 7 और 10 से प्रवेश की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पटना जंक्शन स्थित जामा मस्जिद, फुलवारीशरीफ और अन्य ईदगाहों में भी नमाज के अलग-अलग समय तय किए गए हैं।
प्रशासन का सख्त इंतजाम
नमाज को लेकर गांधी मैदान में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इमाम की आवाज हर व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए लाउडस्पीकर लगाए गए हैं। साथ ही बड़ी संख्या में आने वाले अकीदतमंदों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। ईद को लेकर राजधानी पटना में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से सुरक्षा की विस्तृत योजना तैयार की है। शहर के 442 संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है।
अलर्ट पर अधिकारी
संवेदनशील इलाकों में त्वरित कार्रवाई दल (QRT) को तैनात किया गया है और फ्लैग मार्च के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप और फेसबुक पर भी प्रशासन की कड़ी नजर है। भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अंचल से लेकर जिला स्तर तक अधिकारियों को अलर्ट पर रखा गया है।
153 स्थानों पर सुरक्षा बल तैनात
सभी दंडाधिकारियों और पुलिसकर्मियों को समय से अपने तैनाती स्थल पर पहुंचने और कार्यक्रम समाप्त होने तक मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं। पटना सिटी में सबसे अधिक 153 स्थानों पर सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं, जबकि पटना सदर में 65, दानापुर में 79, बाढ़ में 59, मसौढ़ी में 39 और पालीगंज में 47 स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।