Bihar Politics: ईद के मौके पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से मिलने पहुंचे निशांत, सियासी हलचल तेज
Bihar Politics: बिहार सहित देशभर में ईद-उल-फितर मनाया जा रहा है। इसी दौरान बिहार में नई सियासी पथकथा भी लिखी जा रही है। पटना के गांधी मैदान में 20 साल में पहली बार सीएम नीतीश नहीं पहुंचे। बल्कि उनके बेटे निशांत पहुंचे। निशांत सीएम की तरह ही नमाजियों से मिले और ईद की मुबारकबाद दी। गांधी मैदान में इस दौरान अलग ही सियासी नजारा देखने को मिली।

ललन सिंह से मिले निशांत
वहीं गांधी मैदान में ईद के पावन अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं देने के बाद निशांत कुमार ने जदयू वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने देश और प्रदेशवासियों को ईद की बधाई देने के बाद सीधे उनके आवास पहुंचकर उनका हालचाल जाना। मुलाकात के दौरान निशांत कुमार ने पूरे सम्मान के साथ केंद्रीय मंत्री से बातचीत की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। दोनों के बीच आत्मीय माहौल में चर्चा हुई, जिसमें आपसी कुशल-क्षेम के साथ पारिवारिक स्नेह भी झलकता नजर आया।

एक्टिव मोड में निशांत
बताया जा रहा है कि यह मुलाकात शिष्टाचार के तौर पर की गई, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे लेकर चर्चा भी तेज हो गई है। खासकर ईद के मौके पर गांधी मैदान में निशांत कुमार की सक्रिय मौजूदगी और उसके बाद उनकी यह मुलाकात कई तरह के सियासी संकेतों के रूप में देखी जा रही है। जिस तरह से हाल के दिनों में निशांत कुमार सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर आ रहे हैं, उससे यह साफ है कि उनकी भूमिका को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

पटना से अभिजीत की रिपोर्ट