फतुहा में दर्दनाक हादसा: झंडा फहराकर घर लौट रहे लेखपाल की सड़क दुर्घटना में मौत, पसरा मातम

पटना के फतुहा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुपनचक के पास स्वतंत्रता दिवस के दिन एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है।अथमलगोला प्रखंड कार्यालय में झंडोत्तोलन कर बाइक से पटना स्थितअपने घर लौट रहे लेखपाल सह आईटी सहायक प्रमोद कुमार की सड़क हादसे में मौत हो गई

झंडा फहराकर घर लौट रहे लेखपाल की सड़क दुर्घटना में मौत,- फोटो : Reporter

पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुपनचक के पास स्वतंत्रता दिवस के दिन एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस जब तक उसे अस्पताल ले जाती, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

अथमलगोला में पदस्थापित लेखपाल के रूप में हुई पहचान

घटना की जानकारी मिलते ही फतुहा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को फतुहा के सरकारी अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान कदमकुआं (पटना) के सालिमपुर अहरा निवासी शत्रुघ्न प्रसाद अग्रवाल के पुत्र प्रमोद कुमार के रूप में हुई। प्रमोद कुमार वर्तमान में अथमलगोला प्रखंड कार्यालय में लेखपाल सह आईटी सहायक के पद पर कार्यरत थे।

झंडोत्तोलन में हिस्सा लेकर घर लौट रहे थे प्रमोद

बताया जाता है कि 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रमोद कुमार अथमलगोला प्रखंड कार्यालय में आयोजित झंडोत्तोलन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। राष्ट्रीय पर्व का समारोह संपन्न होने के बाद वह अपनी बाइक से पटना स्थित अपने घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान फतुहा के सुपनचक के पास विपरीत दिशा से आ रहे अनियंत्रित वाहन ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी।

स्वाधीनता दिवस के जश्न के बीच परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

जहां एक तरफ पूरा देश और राज्य आजादी के जश्न में डूबा हुआ था, वहीं इस दर्दनाक खबर से प्रमोद कुमार के घर में चीख-पुकार मच गई। झंडोत्तोलन के बाद घर लौटने का इंतजार कर रहे परिजनों पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। एक कर्मठ सरकारी कर्मचारी की इस तरह अचानक मौत से उनके सहकर्मियों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई है।

फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी फतुहा थाना पुलिस

हादसे के बाद आरोपी चालक अपने वाहन के साथ मौके से फरार होने में कामयाब रहा। फिलहाल फतुहा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।

पटनासिटी से रजनीश की रिपोर्ट