Bihar News : स्वतंत्रता दिवस पर बेतिया में भूमिहीनों को मिली सौगात, 970 परिवारों को मिला जमीन का मालिकाना हक
Bihar News : पश्चिमी चम्पारण के प्रभारी मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन ने भूमिहीन परिवारों को आजादी का तोहफा दिया है. उन्होंने 30 लाभुकों को जमीन का बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र सौंपा है।
BETTIAH : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पश्चिम चंपारण जिले के 970 सुयोग्य भूमिहीन परिवारों के लिए एक नई शुरुआत हुई। राज्य सरकार की प्राथमिकता योजना 'अभियान बसेरा-02' के अंतर्गत जिले में निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करते हुए सभी पात्र परिवारों को बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र सौंप दिए गए। इस ऐतिहासिक कदम से वर्षों से आशियाने की आस लगाए गरीब व वंचित परिवारों को अपने घर के लिए जमीन का कानूनी व वैधानिक अधिकार प्राप्त हो गया है।
मुख्य समारोह का आयोजन बेतिया स्थित ऐतिहासिक रमना मैदान में किया गया। ध्वजारोहण के उपरांत कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं जिला प्रभारी मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन ने मंच से प्रतीकात्मक रूप से 30 चयनित भूमिहीन परिवारों को बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र वितरित किए। शेष 940 लाभुकों को उनके संबंधित अंचल कार्यालयों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रमाण-पत्र प्राप्त करते ही लाभुकों के चेहरों पर खुशी और सुरक्षा का भाव साफ देखा गया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन ने कहा की "हमारी सरकार का मूल ध्येय समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक विकास की रोशनी पहुँचाना है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यह बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र केवल कागज का टुकड़ा नहीं, बल्कि इन गरीब परिवारों को समाज में सम्मानजनक जीवन, सुरक्षा और उनके अपने पक्के आशियाने की मजबूत नींव प्रदान करता है।"
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, अभियान बसेरा-02 के तहत जिले के सभी अंचलों में सघन सर्वे कराकर वास्तविक भूमिहीन परिवारों की पहचान की गई थी। स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर वासभूमि का अधिकार मिलना इन परिवारों के लिए दोहरी खुशी का अवसर लेकर आया है। इस पहल से न केवल भूमिहीनता की समस्या का समाधान होगा, बल्कि लाभुक परिवार अब प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी सुगमता से प्राप्त कर सकेंगे।
आशीष की रिपोर्ट