Bihar News : वीटीआर के पास बाघ के हमले से किसान की हुई मौत, आक्रोशित भीड़ ने स्टेट हाईवे किया जाम, वन विभाग की गाड़ी पलटी

Bihar News :वाल्मीकिनगर में खेत में काम कर रहे किसान पर बाघ ने हमला कर दिया. जिससे किसान की मौत हो गयी. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने जमकर बवाल काटा......पढ़िए आगे

Bihar News : वीटीआर के पास बाघ के हमले से किसान की हुई मौत,
बाघ के हमले से किसान की मौत - फोटो : ASHISH

BETTIAH : पश्चिम चंपारण जिले के वाल्मीकिनगर वन क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में भारी तनाव व्याप्त हो गया। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के वन प्रमंडल दो अंतर्गत भेरियारी चौक के पास स्थित दक्षिण टोला में खेत में काम कर रहे एक 50 वर्षीय किसान पर बाघ ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी और जन-आक्रोश फैल गया।

मृतक की पहचान 50 वर्षीय विजय हालदार के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 11 बजे विजय हालदार जंगल से सटे अपने खेत में काम कर रहे थे। उसी दौरान अचानक जंगल की सीमा से निकलकर बाहर आए एक बाघ ने उन पर हमला कर दिया। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते या मदद के लिए पहुँच पाते, तब तक किसान की जान जा चुकी थी।

घटना की खबर फैलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के शव को सड़क पर रखकर वाल्मीकिनगर-मदनपुर स्टेट हाईवे को पूरी तरह से जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इलाके में पिछले एक सप्ताह से लगातार बाघ की आवाजाही देखी जा रही थी, लेकिन वन विभाग ने सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम नहीं किए। विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उन्होंने वन विभाग की एक गाड़ी को पलट दिया और मौके पर मौजूद वनकर्मी के साथ दुर्व्यवहार भी किया। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग की लापरवाही के कारण लगातार रिहायशी इलाकों में वन्यजीव घुस रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों की जान पर हमेशा खतरा बना रहता है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला तुरंत हरकत में आया। एसडीपीओ निहार भूषण, एसडीएम चांदनी कुमारी और एसएसबी के सहायक कमांडेंट अवधेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल व वन विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुँची। फिलहाल अधिकारी आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराने, यातायात बहाल करने और स्थिति को नियंत्रण में लाने के प्रयासों में जुटे हुए हैं।

आशीष की रिपोर्ट