सम्राट सरकार के कैबिनेट विस्तार की फाइनल लिस्ट ! 50-50 फॉर्मूला पर मंत्रिमंडल गठन, इनकी लगी लॉटरी
NDA सरकार में शामिल होने वाले मंत्रियों को शपथ ग्रहण के लिए फोन जाने शुरू हो गए हैं। बीजेपी, जेडीयू, एलजेपी(आर) और HAM के कोटे से कुल 31 विधायकों को मंत्री पद की शपथ लेने की सूचना दी गई है।
Bihar cabinet expansion: बिहार में गुरुवार को NDA सरकार के बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पटना के गांधी मैदान में आयोजित होने वाले भव्य शपथ ग्रहण समारोह में कई नए और पुराने चेहरे मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। समारोह की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत NDA के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, NDA सरकार में शामिल होने वाले मंत्रियों को शपथ ग्रहण के लिए फोन जाने शुरू हो गए हैं। बीजेपी, जेडीयू, एलजेपी(आर) और HAM के कोटे से कुल 31 विधायकों को मंत्री पद की शपथ लेने की सूचना दी गई है। बताया जा रहा है कि सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड से 16-16 मंत्री शपथ ले सकते हैं।
जेडीयू से इन नेताओं को मिला बुलावा
जेडीयू की ओर से जिन नेताओं को शपथ ग्रहण के लिए फोन गया है, उनमें लेसी सिंह, मदन सहनी, भगवान सिंह कुशवाहा, श्वेता गुप्ता, सुनील कुमार और दामोदर रावत का नाम शामिल बताया जा रहा है। पार्टी की ओर से श्वेता गुप्ता को नए चेहरे के तौर पर मौका मिलने की चर्चा है, जबकि कई पुराने चेहरों पर भी नेतृत्व ने भरोसा जताया है।
बीजेपी कोटे से इन विधायकों के नाम चर्चा में
बीजेपी की ओर से जिन नेताओं को मंत्री पद की शपथ के लिए बुलावा मिलने की खबर है, उनमें राम कृपाल यादव, केदार गुप्ता, नीतीश मिश्रा, मिथलेश तिवारी, रमा निषाद, विजय कुमार सिन्हा, दिलीप जायसवाल, प्रमोद चंद्रवंशी, लखविंदर पासवान, संजय टाइगर, इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र और नंद किशोर राम का नाम शामिल है।
HAM और LJP(R) को भी प्रतिनिधित्व
सूत्रों के मुताबिक HAM से संतोष सुमन को शपथ के लिए कॉल आया है। वहीं एलजेपी(आर) के कोटे से भी दो नेताओं को मंत्री पद की शपथ के लिए सूचना दी गई है। बिहार की राजनीति में इस मंत्रिमंडल विस्तार को आगामी चुनावी रणनीति और सामाजिक समीकरणों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। NDA नेतृत्व जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने के साथ नए चेहरों को मौका देकर बड़ा राजनीतिक संदेश देने की तैयारी में है।