पटना में जमीनी विवाद में गोलीबारी: चार लोग घायल, इलाज के लिए NMCH में भर्ती

पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां जमीनी विवाद मे हुई गोलीबारी में चार लोग घायल हुए है। सभी घायलों को इलाज के लिए एनएमसीएच मे भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच मे जुटी है....

पटना में जमीनी विवाद में गोलीबारी- फोटो : रजनीश

Patna : राजधानी पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र के हिरानंदपुर में जमीनी विवाद को लेकर अचानक खूनी संघर्ष हो गया। दो पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहे भूमि विवाद के दौरान अचानक अंधाधुंध गोलीबारी शुरू हो गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और अफरातफरी का माहौल कायम हो गया।


गोलीबारी में दो लोगों को लगी गोली, दो अन्य छर्रे लगने से घायल

इस हिंसक वारदात में कुल चार लोग घायल हुए हैं। पीड़ितों के अनुसार, वे सभी अपने घर के पास मौजूद थे, तभी अचानक हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में दो लोगों को सीधे गोली लगी है, जबकि दो अन्य लोग गोलियों के छर्रे लगने से जख्मी हो गए। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए पटना के एनएमसीएच (NMCH) अस्पताल भेजा गया है।


घायल के भतीजे ने वीडियो जारी कर आरोपी रंजीत कुमार पर लगाया आरोप

घटना के बाद घायल के भतीजे सूरज कुमार ने एक वीडियो जारी कर पूरे मामले का खुलासा किया है। वीडियो में सूरज ने बताया कि उनका रंजीत कुमार के साथ काफी समय से जमीनी विवाद चल रहा था। आरोप है कि रंजीत कुमार अपने प्राइवेट गार्ड के राइफल के साथ वहां पहुंचा, गार्ड लोगों को डरा-धमका रहा था और तभी रंजीत कुमार ने राइफल छीनकर अंधाधुंध गोलियां चला दीं।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम जांच के लिए मौके पर रवाना

वारदात के तुरंत बाद स्थानीय लोगों द्वारा दीदारगंज थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई। इस मामले में जब थानाध्यक्ष से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि हिरानंदपुर में गोलीबारी की सूचना मिली है। पुलिस की एक विशेष टीम को तुरंत घटनास्थल पर मामले के सत्यापन और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भेजा गया है।


एनएमसीएच में घायलों का इलाज जारी, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

अस्पताल में भर्ती कराए गए चारों घायलों का इलाज डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वहीं पुलिस प्रशासन ने पीड़ित पक्ष के बयानों और जारी वीडियो साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है। नामजद आरोपी रंजीत कुमार और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


रजनीश की रिपोर्ट