Bihar News : सिवान पुलिस ने डकैती की साजिश रचने वाले पांच अपराधियों को किया गिरफ्तार, जीरादेई सीएसपी लूटकांड का किया खुलासा
Bihar News : सिवान पुलिस ने छापेमारी कर डकैती और लूटपाट की खतरनाक साजिश रच रहे पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीँ हथियार और जिन्दा कारतूस भी बरामद किया है.....पढ़िए आगे
SIWAN : जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सक्रिय पुलिसिंग अभियान के तहत नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने डकैती और लूट की साजिश रच रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक देसी पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, आठ एटीएम कार्ड, चार बैंक पासबुक, लैपटॉप, प्रिंटर और फिंगरप्रिंट स्कैनर समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। साथ ही जीरादेई थाना क्षेत्र में CSP संचालक से हुई लूट की घटना का भी खुलासा किया गया है।
गुप्त सूचना पर कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से 7 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 6 नवंबर को नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लक्ष्मीपुर काली मंदिर के पास स्थित धर्मनिवास लॉज के तीसरे तल के कमरा नंबर-33 में कुछ हथियारबंद अपराधी धनतेरस के अवसर पर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने छापेमारी कर पांचों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितेश कुमार यादव, रिकेश कुमार यादव, जन्नत हुसैन, पवन कुमार चौहान और अभिषेक कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। सभी सीवान जिले के निवासी बताए गए हैं।
फर्जी बैंक खातों के जरिए ऑनलाइन ठगी का भी आरोप
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रिकेश कुमार यादव पूर्व में CSP संचालित करता था। आरोप है कि वह भोले-भाले लोगों को विश्वास में लेकर उनके नाम पर फर्जी बैंक खाते खुलवाता था। इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी से प्राप्त रकम मंगाने और लूट की रकम जमा करने में किया जाता था। पुलिस के अनुसार, इस अवैध गतिविधि में पवन कुमार चौहान भी लोगों को जोड़ने और मुनाफा आपस में बांटने का काम करता था।
जीरादेई CSP लूटकांड का खुलासा
पुलिस ने बताया कि 7 अक्टूबर 2026 को जीरादेई थाना क्षेत्र में CSP संचालक से लूट की घटना हुई थी। इस मामले में जीरादेई थाना कांड संख्या 142/26 दर्ज कर जांच की जा रही थी। गिरफ्तार आरोपी नितेश कुमार यादव ने इस घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर लूटी गई रकम में से 30 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई में नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, जीरादेई थानाध्यक्ष राहुल कुमार तिवारी, पुलिस अवर निरीक्षक उमेश कुमार पासवान समेत नगर थाना और जीरादेई थाना के पुलिसकर्मी तथा एसटीएफ की टीम शामिल रही। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।
सिवान से ताबिश इरशाद की रिपोर्ट