बाढ़ में सनसनीखेज वारदात: पत्नी की हत्या कर पति ने दर्ज कराई थी 6 लाख और गहने लेकर भागने की झूठी FIR, कंकाल बरामद
पटना के बाढ़ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पत्नी की हत्या कर पति ने मामले को रफा-दफा कराने के लिए रुपये और ज्वेर लेकर भागने का झूठा मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने इस मामले में पति समेत परिवार के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है....
Patna : जिला अंतर्गत बाढ़ अनुमंडल के घोसवरी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी 25 वर्षीया पत्नी सीमा कुमारी की बेरहमी से हत्या करने के बाद मामले को भटकाने के लिए थाने में झूठी प्राथमिकी (FIR) दर्ज करा दी। आरोपी पति चंदन ने 28 सितंबर को घोसवरी थाने में आवेदन देकर दावा किया था कि उसकी पत्नी घर से 6 लाख रुपये नकद, कीमती गहने और मोबाइल लेकर फरार हो गई है।
पुलिस की तकनीकी जांच में खुला राज, नदी किनारे डंप किया गया था शव
मामले की गंभीरता को देखते हुए जब पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी (टेक्निकल) अनुसंधान शुरू किया, तो पूरी साजिश की परतें खुलती चली गईं। जांच में यह खौफनाक सच सामने आया कि पति और उसके ससुराल वालों ने मिलकर सीमा कुमारी की हत्या कर दी थी और साक्ष्य छिपाने की नीयत से उसके शव को नदी किनारे पानी में डंप कर दिया था।
चाची, चाचा और दोस्तों सहित चार गिरफ्तार, नदी किनारे से मिला मृतका का कंकाल
बाढ़ के एसडीपीओ राम कृष्ण ने बताया कि मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने पति चंदन के चाचा सिंटू यादव, चाची फूलों देवी और चंदन के दो दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो नदी किनारे से मृतका का केवल कंकाल बरामद हो सका।
चार आरोपी भेजे गए जेल, मुख्य आरोपी पति और ससुर की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं, मुख्य आरोपी पति चंदन, उसका भाई कुंदन, ससुर जयराम यादव और सास अभी भी फरार चल रहे हैं। पुलिस की विशेष टीम फरार आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार सघन छापेमारी कर रही है।
बख्तियारपुर के मिसी गांव की रहने वाली थी मृतका सीमा कुमारी
मृतका सीमा कुमारी मूल रूप से पटना जिले के ही बख्तियारपुर थाना क्षेत्र स्थित मिसी गांव की रहने वाली थी। इस खौफनाक वारदात और पुलिस खुलासे के बाद मृतका के मायके वालों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे इलाके में इस जघन्य हत्याकांड को लेकर गहरी स्तब्धता और आक्रोश का माहौल है।