बिहार में खुलेंगी 5 नई चीनी मिलें! अब 15 चीनी मिलों से बढ़ेगी मिठास, CM सम्राट ने किया बड़ा ऐलान
सीएम सम्राट ने कहा कि बिहार में नई चीनी मिलों की स्थापना तथा बंद पड़ी पुरानी चीनी मिलों के पुनरुद्धार के माध्यम से राज्य के चीनी उद्योग को सशक्त बनाया जाएगा। गन्ना खेती न केवल किसानों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है.
Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष के सामने बने मंच से गन्ना उद्योग विभाग, बिहार सरकार द्वारा आयोजित 'गन्ना विकास रथ-2026' का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के लिए गन्ना विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में गन्ना किसानों की समृद्धि, गन्ना उत्पादन में वृद्धि तथा चीनी उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। राज्य में 10 चीनी मिल कार्यरत हो गया है, 5 और चीनी मिल जल्द शुरू किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि 'समृद्ध उद्योग सशक्त बिहार' के संकल्प के साथ शुरू किया गया यह अभियान किसानों तक आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बिहार में नई चीनी मिलों की स्थापना तथा बंद पड़ी पुरानी चीनी मिलों के पुनरुद्धार के माध्यम से राज्य के चीनी उद्योग को सशक्त बनाया जाएगा। गन्ना खेती न केवल किसानों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है, बल्कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती और रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि 'गन्ना विकास रथ-2026' किसानों को आधुनिक तकनीक एवं सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ बिहार में गन्ना उत्पादन और चीनी उद्योग के विकास को नई दिशा देगा।