‘नीतीश होश में होते तो...’ तेजस्वी ने ‘नीतीश सेतु’ के नामकरण पर उठाए सवाल, चपरासी के ट्रांसफर में भी पैसा

तेजस्वी के मुताबिक, अक्षयवट राय पूर्व मुख्यमंत्री और भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के सबसे विश्वस्त साथियों में शामिल थे। उन्होंने दावा किया कि लालू प्रसाद यादव की मौजूदगी में नीतीश कुमार ने भी इस नामकरण पर सहमति जताई थी। तय हुआ था कि पुल के उद्घाटन के अव

Tejashwi Yadav
Tejashwi Yadav- फोटो : news4nation

Bihar News :  कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल के नामकरण को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखे जाने की घोषणा के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि इस पुल का नाम स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय अक्षयवट राय के नाम पर रखने पर तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सहमति दी थी। तेजस्वी ने यहां तक कहा कि अगर नीतीश कुमार सचेत अवस्था और होश-हवास में होते तो इस पुल का नाम ‘अक्षयवट सेतु’ ही होता।


तेजस्वी यादव ने अपने बयान में कहा कि जब पुल का शिलान्यास हुआ था, तब वे विभागीय मंत्री और उपमुख्यमंत्री के तौर पर नीतीश कुमार से इस मुद्दे पर विस्तार से मिले थे। उस समय उन्होंने प्रस्ताव रखा था कि पुल का नाम इस इलाके के प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय अक्षयवट राय के नाम पर रखा जाए, क्योंकि यह पुल उनके पैतृक गांव से होकर गुजरता है।


तेजस्वी के मुताबिक, अक्षयवट राय पूर्व मुख्यमंत्री और भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के सबसे विश्वस्त साथियों में शामिल थे। उन्होंने दावा किया कि लालू प्रसाद यादव की मौजूदगी में नीतीश कुमार ने भी इस नामकरण पर सहमति जताई थी। तय हुआ था कि पुल के उद्घाटन के अवसर पर इसका नाम ‘अक्षयवट सेतु’ रखा जाएगा।


तेजस्वी ने यह भी कहा कि वर्ष 2022 में दोबारा उपमुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने को लेकर समीक्षा बैठक की थी। उस दौरान नीतीश कुमार से फिर इस विषय पर चर्चा हुई थी और ‘अक्षयवट सेतु’ नाम रखने का निर्णय दोहराया गया था। हालांकि, अब राज्य सरकार ने 13 नवंबर को आधिकारिक तौर पर पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखने की घोषणा की है।  


ट्रांसफर-पोस्टिंग में वसूली का लगाया आरोप

तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार में इस समय केवल ट्रांसफर-पोस्टिंग का काम फल-फूल रहा है। उनका आरोप है कि अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले में खुलेआम पैसे का लेन-देन हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि चपरासी के ट्रांसफर और पोस्टिंग तक में पैसे लिए जा रहे हैं।


नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राज्य में अपराध और बेरोजगारी की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। सरकार इन समस्याओं पर प्रभावी तरीके से काम करने के बजाय तबादलों के जरिए कमाई में लगी हुई है। ये सभी आरोप तेजस्वी यादव ने सरकार पर लगाए हैं।


ललन सिंह पर भी साधा निशाना

तेजस्वी यादव ने जदयू सांसद ललन सिंह पर भी तीखा हमला बोला। उनसे जुड़े सवाल पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘अरे छोड़िए, वह क्या बोलेंगे। ललन सिंह को उनकी पार्टी में ही कोई पूछ नहीं है। जब अपनी पार्टी में ही उनकी पूछ नहीं है तो उनके बोलने का क्या मतलब है।’


कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के नामकरण से शुरू हुआ यह विवाद अब बिहार की सियासत में नया मुद्दा बनता दिख रहा है। एक तरफ सरकार ने नीतीश कुमार के नाम पर पुल का नामकरण किया है, तो दूसरी तरफ तेजस्वी यादव ने पुराने कथित फैसले का हवाला देकर सरकार के निर्णय पर सवाल खड़े कर दिए हैं।