Bihar News : प्रेम विवाह के 8 महीने बाद दहेज प्रताड़ना की शिकार हुई युवती, एसिड पीकर गंवाई जान
Bihar News : प्रेम विवाह के महज आठ महीने बाद अंजनी ने मुंगेर सदर अस्पताल में आखिरी सांस ली। दहेज़ प्रताड़ना से परेशान होकर उसने एसिड पी लिया. जिससे उसकी जान चली गयी......पढ़िए आगे
MUNGER : जिस उम्र में एक लड़की अपनी नई जिंदगी के सपने संजोती है। अपने भविष्य को लेकर खुशियां तलाशती है। उसी उम्र में मुंगेर की 18 वर्षीय अंजनी की जिंदगी का दु:खद अंत हो गया। प्रेम विवाह के महज आठ महीने बाद अंजनी ने मुंगेर सदर अस्पताल में आखिरी सांस ली। शादी के महज दो महीने बाद ही पारिवारिक विवाद के बीच उसने एसिड पीकर जान देने की कोशिश की थी। हालांकि उस वक्त उसकी जान तो बच गई, लेकिन जिंदगी और मौत के बीच शुरू हुई उसकी जंग आखिरकार सोमवार की रात खत्म हो गई। वहीं, इस मामले में दहेज प्रताड़ना का केस भी दर्ज था, जिसकी कानूनी प्रक्रिया चल रही थी।
यह कहानी है हेमजापुर थाना क्षेत्र के चांद टोला की रहने वाली 18 वर्षीय अंजनी कुमारी की। पांच मार्च 2026 को अंजनी ने लखीसराय जिले के मेदनी चौकी थाना क्षेत्र के बंशीपुर निवासी भारत यादव से प्रेम विवाह किया था। दोनों ने साथ जीने और साथ रहने का सपना देखा था, लेकिन शादी के बाद हालात कुछ ऐसे बदले कि रिश्तों में दूरियां बढ़ने लगीं। शादी के बाद भारत करीब एक महीने तक अंजनी के साथ हेमजापुर में रहा। इसके बाद वह उसे लेकर अपने गांव बंशीपुर पहुंचा, लेकिन वहां परिजनों ने अंजनी को स्वीकार नहीं किया। हालात ऐसे बने कि महज पांच दिनों के भीतर ही भारत उसे वापस हेमजापुर ले आया। कुछ दिनों बाद भारत रोजगार के सिलसिले में दूसरे प्रदेश चला गया। इसके बाद फोन पर होने वाली बातचीत भी धीरे-धीरे विवाद और तकरार में बदलने लगी।
बताया जाता है कि शादी के करीब दो महीने बाद पारिवारिक तनाव के बीच अंजनी ने घर में रखा एसिड पी लिया और आत्महत्या की कोशिश की। समय रहते इलाज मिलने से उसकी जान बच गई, लेकिन उस घटना के बाद से उसकी सेहत लगातार बिगड़ती चली गई। मायके और ससुराल पक्ष के लोगों ने मुंगेर से लेकर भागलपुर तक कई अस्पतालों में उसका इलाज कराया। पिछले कई दिनों से वह मुंगेर सदर अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही थी, लेकिन सोमवार की रात उसकी सांसें थम गईं। अंजनी की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा है। जिस बेटी को माता-पिता ने बड़े अरमानों से विदा किया था, उसकी अर्थी उठने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
उधर, मामले की सूचना मिलते ही हेमजापुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। थानाध्यक्ष नीरज कुमार के अनुसार, अंजनी के परिजनों ने पहले ही दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था। मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया चल रही थी। इसी बीच अंजनी की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल अंजनी इस दुनिया में नहीं है, लेकिन उसके पीछे कई सवाल और एक परिवार का कभी न भरने वाला जख्म छोड़ गई है। प्रेम विवाह के बाद शुरू हुए विवाद, एसिड पीने की घटना और फिर लंबी बीमारी के बाद हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर पुलिस जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर टिकी है।
इम्तियाज़ की रिपोर्ट