पटना में मादक तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, हथिदह में 100 किलो गांजा के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, थार समेत तीन चारपहिया वाहन जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन वाहनों से करीब 100 किलो गांजा बरामद किया। जब्त किए गए वाहनों में ब्लैक कलर की थार (BR01FE2525), सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर (BR09AP6526) और सफेद रंग की अर्टिगा (BR09AY3850) शामिल हैं।
Bihar News : पटना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 किलोग्राम गांजा के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही थार समेत तीन चारपहिया वाहनों को भी जब्त किया है। बाढ़ अनुमंडल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) राम कृष्णा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर विशिष्ट आसूचना इकाई (Special Intelligence Unit), पटना के सहयोग से हाथीदह थाना क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी की गई।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन वाहनों से करीब 100 किलो गांजा बरामद किया। जब्त किए गए वाहनों में ब्लैक कलर की थार (BR01FE2525), सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर (BR09AP6526) और सफेद रंग की अर्टिगा (BR09AY3850) शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के गंगोली निवासी चंदन कुमार (23), खोकसा निवासी विकाश कुमार (23), माधोपुर निवासी लालबाबू कुमार (28), शाकमोहन निवासी राजकुमार (39) तथा नालंदा जिले के सिलाव थाना क्षेत्र के दुलारूवे बिगहा निवासी पंकज कुमार (23) के रूप में हुई है।
एसडीपीओ राम कृष्णा ने बताया कि सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रविशंकर की रिपोर्ट