21 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध मौत : मायके वालों का आरोप—'दहेज के लिए हत्या कर फंदे से लटकाया शव'

नवादा जिले में एक नवविवाहिता का फांसी के फंदे से लटका शव बरामद हुआ है। मृतका की शादी महज एक साल पहले हुई थी और उसकी एक तीन माह की बच्ची है। मृतका के मायके वालों ने पति पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है....

21 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध मौत : मायके वालों का आरोप—'द
नवविवाहिता की संदिग्ध मौत - फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Nawada : जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां कौआकोल थाना क्षेत्र के कोनी पर मोहल्ला में एक 21 वर्षीय नवविवाहिता का शव फंदे से लटका हुआ बरामद हुआ। मृतका की पहचान सोनी कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज एक साल पहले हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके में कोहराम मच गया। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है।


महीने की मासूम बच्ची को छोड़ दुनिया से विदा 

इस हृदयविदारक घटना के संबंध में बताया जाता है कि सोनी कुमारी की महज तीन महीने की एक मासूम दुधमुंही बेटी है। मंगलवार की सुबह सोनी अपनी बेटी को अपने पति के पास सोता हुआ छोड़कर चुपचाप दूसरे कमरे में चली गई। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने जाकर देखा, जहां उसका शव दुपट्टे के सहारे फंदे से लटक रहा था। ससुराल वालों के अनुसार यह आत्महत्या का मामला है, लेकिन मायके पक्ष ने इस थ्योरी को सिरे से खारिज कर दिया है।


साल 2025 में धूमधाम से हुई थी शादी

मृतका सोनी कुमारी शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के कुठौत (प्यारेपुर) गांव के गौतम राम की पुत्री थी। उसकी शादी 25 मई 2025 को कोनी पर मोहल्ला निवासी अर्जुन राम और सेवानिवृत्त शिक्षिका बच्ची कुमारी के छोटे बेटे कुंदन कुमार के साथ पूरे रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद से ही सब कुछ ठीक नहीं चल रहा था। मायके वालों का दावा है कि शादी के बाद से ही लगातार अतिरिक्त दहेज के लिए सोनी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसका विरोध करने पर उसकी जान ले ली गई।


FSL की टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय कौआकोल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल की टीम ने पूरे घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फिंगरप्रिंट समेत कई आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया है।


एसडीपीओ बोले– आवेदन मिलते ही होगी कड़ी कार्रवाई

इस सनसनीखेज मामले पर नवादा के एसडीपीओ (SDPO) सुजय विद्यार्थी ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है। मृतका के मायके पक्ष को आधिकारिक रूप से सूचित कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवार की ओर से जैसे ही लिखित आवेदन प्राप्त होता है, तुरंत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट