Bihar News: बाढ़ कोर्ट में हुई लल्लू मुखिया की पेशी, समर्थकों की उमड़ी भीड़, जमकर लगाए नारे
Bihar News: बाढ़ व्यवहार न्यायालय में पूर्व राजद प्रत्याशी लल्लू मुखिया की पेशी की गई है। इस दौरान बाढ़ कोर्ट परिसर में लल्लू मुखिया के हजारों समर्थक मौजूद रहे। लल्लू मुखिया ने कहा कि उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा है।
पूर्व आरजेडी प्रत्याशी कर्मवीर सिंह यादव उर्फ लल्लू मुखिया की शनिवार को बाढ़ व्यवहार न्यायालय में पहली पेशी हुई। इस दौरान कोर्ट परिसर के बाहर समर्थकों का भारी जमावड़ा देखने को मिला। स्थिति को देखते हुए कोर्ट परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। समर्थकों ने जमकर लल्लू मुखिया को लेकर नारा लगाया और साथ ही आरोप भी लगाया कि लल्लू मुखिया को साजिश के तहत फंसाया गया है।
कोर्ट में पेश हुए लल्लू मुखिया
दरअसल, लल्लू मुखिया को कांड संख्या 98/2023 में अप्राथमिक अभियुक्त है। लल्लू मुखिया को शनिवार को दोपहर करीब 3 बजे न्यायालय में पेश किया गया। पेशी के दौरान समर्थक लगातार न्यायालय परिसर में मौजूद रहे और अपने नेता के समर्थन में नारेबाजी करते नजर आए। वहीं कोर्ट में पेशी के बाद लल्लू मुखिया ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह न्यायालय के आदेशों का पालन कर रहे हैं और उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है।
भागलपुर जेल में किया जाएगा स्थानांतरित
वहीं भागलपुर जेल स्थानांतरण को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि वह न्यायालय के अधीन हैं और जहां भी रखा जाएगा, वहीं रहेंगे। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट से मिली अस्थायी राहत की अवधि समाप्त होने के बाद लल्लू मुखिया ने करीब एक माह पूर्व बाढ़ कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था। आत्मसमर्पण के बाद उन्हें पहले बाढ़ जेल भेजा गया। जहां से कुछ दिनों बाद उन्हें भागलपुर जेल स्थानांतरित कर दिया गया।
राजनीतिक साजिश में फंसाने का आरोप
वहीं, समर्थकों का आरोप है कि लल्लू मुखिया को राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया गया है। समर्थकों ने भी न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि न्यायालय से उनके नेता को न्याय मिलेगा। फिलहाल, कांड संख्या 98/23 में आगे की कानूनी प्रक्रिया न्यायालय के निर्देशानुसार जारी है।