गया जदयू में भूचाल : 'चरित्रहीन' जिलाध्यक्ष को हटाओ वरना सामूहिक इस्तीफा, महिला पदाधिकारी ने खोला मोर्चा
जदयू की जिला उपाध्यक्ष ज्योति सिंह ने जिलाध्यक्ष द्वारिका प्रसाद पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न के सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष को लिखे पत्र में ज्योति सिंह ने दावा किया कि जिलाध्यक्ष उन्हें फोन और व्हाट्सएप पर अश्लील बातें करत
Patna - जनता दल (यूनाइटेड) गया की जिला उपाध्यक्ष ज्योति सिंह ने पार्टी के जिलाध्यक्ष द्वारिका प्रसाद पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके निष्कासन की मांग की है. ज्योति सिंह ने पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष को लिखे पत्र में बताया कि जिलाध्यक्ष द्वारा उन्हें फोन, व्हाट्सएप और वीडियो कॉल के माध्यम से पिछले काफी समय से प्रताड़ित और परेशान किया जा रहा था. उन्होंने आरोप लगाया कि द्वारिका प्रसाद उनसे अश्लील और अमर्यादित बातें करते थे और उन पर अकेले घर आने का दबाव बनाते थे.
गाड़ी खरीदने के लिए मांगे पांच लाख
पत्र के अनुसार, ज्योति सिंह ने बताया कि जिलाध्यक्ष ने उनसे गाड़ी खरीदने के नाम पर ₹5,00,000 की मांग भी की थी. एक घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि द्वारिका प्रसाद उनकी बीमार बेटी को देखने के बहाने उनके घर आए और कमरे में अकेले पाकर उनके साथ गलत नियत से अश्लील हरकत की. इस घटना के बाद ज्योति सिंह ने पार्टी की अन्य महिला साथियों को बुलाकर उन्हें पूरी स्थिति से अवगत कराया.
किए 100 से ज्यादा कॉल
ज्योति सिंह ने साक्ष्य के तौर पर बताया कि जिलाध्यक्ष ने 10-12 दिनों के भीतर उन्हें 100 से ज्यादा बार कॉल और वीडियो कॉल किए थे, जिनकी रिकॉर्डिंग और कॉल डिटेल (CDR) के जरिए जांच की जा सकती है. उन्होंने यह भी दावा किया कि पार्टी की अन्य महिला कार्यकर्ताओं के साथ भी जिलाध्यक्ष का व्यवहार अभद्र और अश्लील रहा है. इस मामले की शिकायत प्रदेश अध्यक्ष से भी की गई थी, जिसके बाद तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया गया था.
जांच कमेटी में एक भी महिला नहीं
जाँच कमेटी के समक्ष ज्योति सिंह के साथ-साथ पार्टी की दर्जनों अन्य महिला पदाधिकारियों ने भी जिलाध्यक्ष के खिलाफ अपनी आपबीती सुनाई और करीब 60 से ज्यादा पदाधिकारियों ने अपना रोष प्रकट किया था. ज्योति सिंह का आरोप है कि कमेटी में एक भी महिला सदस्य नहीं होने के बावजूद उन्होंने हिम्मत जुटाकर सारी बातें सामने रखीं. हालांकि, प्रदेश मुख्यालय से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बावजूद दो महीने बीत जाने पर भी जिलाध्यक्ष पद पर बने हुए हैं.
नारी सम्मान के लिए कार्रवाई जरुरी
अंत में, ज्योति सिंह ने चेतावनी दी है कि यदि ऐसे "चरित्रहीन" व्यक्ति को पद से नहीं हटाया गया, तो वे सैकड़ों सक्रिय महिला कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी छोड़ने पर मजबूर हो जाएंगी. उन्होंने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष से नारी सम्मान की रक्षा के लिए द्वारिका प्रसाद को पार्टी से तत्काल निष्कासित करने का सादर अनुरोध किया है।
रिपोर्ट - अभिजित सिंह