महात्मा गांधी सेतु पर ट्रक और बाइक की टक्कर, एक लेन से हो रहा परिचालन; यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी
पटना के महात्मा गांधी सेतु पर पिलर संख्या 46 के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने डिवाइडर तोड़ते हुए बाइक सवार को टक्कर मार दी। घायल को गंभीर स्थिति में अस्पताल पहुँचाया गया है। पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद है और जाम की स्थिति को देखते हुए यातायात नियमों के
Patna - राजधानी पटना को हाजीपुर से जोड़ने वाले महात्मा गांधी सेतु पर शुक्रवार शाम एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। पिलर संख्या 46 के पास पटना से हाजीपुर जाने वाली लेन में एक अनियंत्रित ट्रक अचानक डिवाइडर से टकरा गया और एक बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। इस टक्कर के बाद पुल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से घायल बाइक सवार को तत्काल इलाज के लिए एनएमसीएच (NMCH) अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही ट्रैफिक थाना जीरो माइल, आलमगंज थाना अध्यक्ष और ओपी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए क्रेन को सूचित किया है। पुल पर यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए प्रशासन द्वारा फिलहाल एक ही लेन से परिचालन की अनुमति दी गई है, जिससे वाहनों की गति धीमी बनी हुई है।
हादसे के कारण पुल के नीचे गायघाट चौराहे के पास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर वहां से हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रशासन ने महात्मा गांधी सेतु से गुजरने वाले यात्रियों से धैर्य बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है ताकि स्थिति को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके।
Report - Ranjit