पटना के करबिगहिया में भीषण आग का तांडव: 55 वर्षीय दिव्यांग वृद्ध महिला की जलकर मौत, 3 घायल
पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र के करबिगहिया में एक मकान में भीषण आग लगने से 55 वर्षीय दिव्यांग महिला मालती देवी की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दमकल की 6 गाड़ियों ने मौके पर पहुँचकर आग पर नियंत्रण पाया
Patna - राजधानी पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत करबिगहिया (वार्ड संख्या 29) में शुक्रवार शाम भीषण आगलगी की एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। तंग गलियों में स्थित एक तीन मंजिला मकान के ऊपरी माले पर शॉर्ट सर्किट की वजह से अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस हादसे के दौरान इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
इस दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय एक दिव्यांग महिला, मालती देवी की झुलस जाने से मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय मृतका ऊपरी मंजिल की बालकनी में एक चौकी पर लेटी हुई थीं। शारीरिक रूप से अक्षम होने के कारण वह आग की लपटों से बचकर भागने में असमर्थ रहीं और बिस्तर पर ही जिंदा जल गईं।
हादसे के वक्त घर के अन्य सदस्य खरीदारी के लिए बाहर गए हुए थे। मृतका के पति, बलि राम चौधरी, जो स्वयं शारीरिक रूप से अस्वस्थ हैं, उस समय अपने कमरे में टीवी देख रहे थे और उन्हें घटना का आभास देरी से हुआ। स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने की कोशिश की और पुलिस व अग्निशमन विभाग को सूचित किया।
सूचना मिलते ही जक्कनपुर थाना की पुलिस और अग्निशमन विभाग की आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। संकरी गलियों के बावजूद दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अग्निशमन विभाग घटना के विस्तृत कारणों की जांच में जुटा है।
report - anil kumar