Bihar DA Hike: बिहार के कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले! सम्राट सरकार देने जा रही है DA का बड़ा तोहफा, जानें कितनी बढ़ेगी सैलरी?
Bihar DA Hike: बिहार के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को जल्द ही बड़ी राहत मिल सकती है। राज्य सरकार महंगाई भत्ते (डीए) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी पर विचार कर रही है, जिससे डीए बढ़कर 60 प्रतिशत तक पहुंच सकता है।
Bihar DA Hike: बिहार में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। सीएम सम्राट चौधरी जल्द ही बड़ा फैसला लेंगे। सरकारी कर्मचारियों का डीए जल्द ही बढ़ सकता है। जानकारी अनुसार राज्य सरकार महंगाई भत्ते (डीए) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी पर विचार कर रही है। यदि यह प्रस्ताव लागू होता है, तो सातवें वेतन आयोग के तहत आने वाले कर्मचारियों का डीए बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगा।
सम्राट सरकार का तोहफा
फिलहाल बिहार में सातवें वेतनमान के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों को 1 जुलाई 2025 से 58 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिल रहा है। इससे पहले यह दर 55 प्रतिशत थी, जिसे अक्टूबर 2025 में 3 प्रतिशत बढ़ाया गया था। इस बढ़ोतरी का लाभ राज्य के 10 लाख से अधिक कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और परिवार पेंशनधारकों को मिला था।
खजाने पर बढ़ेगा बोझ
प्रस्तावित 2 प्रतिशत की वृद्धि लागू होने पर राज्य सरकार पर सालाना करीब 1100 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ सकता है। इससे पहले डीए में 3 प्रतिशत वृद्धि के कारण राज्य के खजाने पर लगभग 918 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार बढ़ा था। बता दें कि, केंद्र सरकार इस साल जनवरी से अपने कर्मचारियों के डीए में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर चुकी है और वर्तमान में केंद्रीय कर्मचारियों को 60 प्रतिशत डीए मिल रहा है।
कर्मचारियों को मिलेगा बड़ा तोहफा
वहीं बिहार सरकार आमतौर पर केंद्र के पैटर्न का अनुसरण करती है, इसलिए राज्य में भी इसी तरह का निर्णय लिए जाने की संभावना है। छठे वेतन आयोग के तहत आने वाले कर्मचारियों को 1 जुलाई 2025 से 257 प्रतिशत डीए मिल रहा है, जबकि पांचवें वेतन आयोग के अंतर्गत यह दर 474 प्रतिशत है। गौरतलब है कि महंगाई भत्ते में संशोधन हर छह महीने (जनवरी और जुलाई) में किया जाता है, जिसका आधार अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक होता है।