Bihar News : पटना में आधा दर्जन अपराधियों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में मचा हड़कंप, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

Bihar News : पटना से सटे मसौढ़ी में करीब आधा दर्जन की संख्या में आए हथियारबंद अपराधियों ने दवाई मंडी के आसपास अचानक अंधाधुंध हवाई फायरिंग शुरू कर दी।

पटना में फायरिंग - फोटो : SUJEET

PATNA : पटना से सटे मसौढ़ी इलाके में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्होंने दिन-दहाड़े खुलेआम गोलियों की बौछार कर क्षेत्र में भारी दहशत फैला दी। पूरी घटना मसौढ़ी स्थित व्यस्त दवाई मंडी के समीप की है, जहां अपराधियों ने तांडव मचाते हुए ताबड़तोड़ गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब आधा दर्जन की संख्या में आए हथियारबंद अपराधियों ने दवाई मंडी के आसपास अचानक अंधाधुंध हवाई फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी में लगभग दस राउंड गोलियां चलाई गईं। गोलियों की तड़तड़ाहट सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास की दुकानें बंद होने लगीं तथा लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मसौढ़ी थाना पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और मौके से साक्ष्य जुटाए। गनीमत यह रही कि इस अंधाधुंध हवाई फायरिंग में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन इस घटना से स्थानीय कारोबारियों और आम लोगों के बीच भारी भय का माहौल है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच तेज कर दी है। घटनास्थल और उसके आसपास स्थित दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि फायरिंग करने वाले अपराधियों का सुराग जुटाया जा सके और उनकी पहचान सुनिश्चित की जा सके। मसौढ़ी पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की कोशिश की जा रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि इस दुस्साहसिक वारदात में शामिल सभी अपराधियों को जल्द से जल्द चिन्हित कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

सुजीत की रिपोर्ट