बिहार में मिलावटखोरों पर निशांत कुमार का बड़ा एक्शन, गड़बड़ किया तो अब ऐसे होगी कार्रवाई
निशांत ने बताया कि नवंबर महीने में अब तक राज्य के सैकड़ों खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई है। इस दौरान बड़ी मात्रा में मिलावटी, खराब और मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए खाद्य पदार्थ जब्त कर नष्ट किए गए हैं।
Bihar News : बिहार में खाद्य पदार्थों में मिलावट और खराब गुणवत्ता के खिलाफ खाद्य संरक्षा विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसको लेकर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने राज्य के खाद्य कारोबारियों से मिलावट से बचने और लोगों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई केवल त्योहारों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे नियमित अभियान के रूप में जारी रखा जाएगा।
निशांत ने बताया कि नवंबर महीने में अब तक राज्य के सैकड़ों खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई है। इस दौरान बड़ी मात्रा में मिलावटी, खराब और मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए खाद्य पदार्थ जब्त कर नष्ट किए गए हैं। खाद्य संरक्षा विभाग की टीमें लगातार प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, खाद्य पदार्थों के नमूने लेने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं।
पटना से जहानाबाद तक करोड़ों के खाद्य पदार्थ जब्त
निशांत कुमार के मुताबिक, पटना सिटी में एक प्रतिष्ठान से करीब 18 लाख रुपये मूल्य का घी जब्त किया गया। पटना के ही एक अन्य प्रतिष्ठान से 5 लाख रुपये का घी और 1.74 लाख रुपये का आटा जब्त किया गया। वहीं, पटना के एक कोल्ड स्टोरेज से 6.35 लाख रुपये मूल्य के खजूर और 13.29 लाख रुपये की अन्य खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई। इसके अलावा पटना में तीन प्रतिष्ठानों से हजारों बोतल पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर जब्त कर नष्ट किया गया। इन प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस भी निलंबित किए गए हैं।
जहानाबाद में चार प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 29 लाख रुपये से अधिक मूल्य के खाद्य पदार्थ नष्ट किए गए। यहां करीब 2.30 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई और जांच के लिए आठ नमूने भी लिए गए। वहीं, मोतिहारी के तीन प्रतिष्ठानों में जांच के दौरान करीब 27 क्विंटल मिल्क केक और डोडा मिठाई समेत विभिन्न खाद्य पदार्थ जब्त कर नष्ट किए गए।
चार नए खाद्य जांच केंद्र खोलने की तैयारी
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय स्तर पर मानव संसाधन और जरूरी उपकरणों की उपलब्धता बढ़ाई जा रही है। राज्य में चार नए खाद्य जांच केंद्र स्थापित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। इससे खाद्य पदार्थों की जांच व्यवस्था को मजबूत करने और मिलावट के मामलों पर प्रभावी कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।
खाद्य कारोबारियों से निशांत की अपील
निशांत कुमार ने खाद्य व्यवसायियों से अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ बिहार ही विकसित बिहार की बुनियाद है। खाद्य पदार्थों में मिलावट करना केवल गैरकानूनी ही नहीं, बल्कि अनैतिक और असामाजिक कृत्य भी है। थोड़े से मुनाफे के लिए किसी के स्वास्थ्य को जोखिम में डालना अमानवीय है। उन्होंने कारोबारियों से नियमों का पालन करने और बिहार को स्वस्थ बनाने में सरकार का सहयोग करने की अपील की।