कैमूर में छठ महापर्व को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज : घाटों पर ड्रोन कैमरे से होगी निगरानी, पटाखा फोड़ने पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
कैमूर जिले में छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढ़ंग से संपन्न कराने को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी की है। कुल 300 से अधिक छठ घाट हैं, जिनमें से भीड़भाड़ और संवेदनशीलता के आधार पर 147 प्रमुख घाटों को चिह्नित किया गया है....
Kaimoor : लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए कैमूर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी कुमार अनुराग और पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने मोहनिया स्थित शारदा ब्रजराज छठ घाट का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाट पर पानी की गहराई, बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अनुमंडल और प्रखंड स्तर के अधिकारी रहे मौजूद, घाटों की सजावट को दिया जा रहा अंतिम रूप
निरीक्षण के दौरान मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी, एसडीपीओ गोपाल कृष्ण, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, बीडीओ और सीओ सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न छठ घाटों की साफ-सफाई के साथ-साथ उन्हें आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। व्रतियों की सुविधा के लिए घाटों तक जाने वाले रास्तों, रोशनी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिले में 300 से अधिक छठ घाट, भभुआ में 100 और मोहनिया में 50 के करीब प्रमुख घाट चिह्नित
जिलाधिकारी कुमार अनुराग ने जानकारी दी कि कैमूर जिले में कुल 300 से अधिक छठ घाट हैं, जिनमें से भीड़भाड़ और संवेदनशीलता के आधार पर 147 प्रमुख घाटों को चिह्नित किया गया है। इनमें भभुआ अनुमंडल क्षेत्र में करीब 100 और मोहनिया क्षेत्र में 47 से 50 प्रमुख घाट शामिल हैं। इसके अलावा चांद और चैनपुर सहित अन्य प्रखंडों के प्रमुख घाटों का भी अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जा चुका है, जिससे सभी जगह व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें।
ड्रोन कैमरे से रखी जाएगी पैनी नजर, घाटों पर आतिशबाजी पर सख्त रोक
सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए प्रशासन तकनीक का भी सहारा ले रहा है। डीएम ने बताया कि जिले के सभी प्रमुख छठ घाटों पर भीड़ नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही, किसी भी अप्रिय घटना या भगदड़ की स्थिति से बचने के लिए छठ घाटों पर पटाखा फोड़ने और आतिशबाजी करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है, जिसके प्रति आम लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।
थानों को मिले अतिरिक्त पुलिस बल, आपात स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी का गठन
पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बताया कि महापर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर मोहनिया और भभुआ के थानों को 100 से 150 अतिरिक्त पुलिस जवान उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अतिरिक्त, किसी भी आकस्मिक स्थिति से तत्काल निपटने और त्वरित कार्रवाई के लिए जिला स्तर पर क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) का भी गठन किया जा रहा है, जो पूरे पर्व के दौरान सक्रिय रहेगी।