Chhath Puja 2026: उलार धाम तालाब में छठ की तैयारियां पूरी,सुरक्षा के लिए 4 मजिस्ट्रेट और 300 पुलिस बल तैनात; ट्रैफिक प्लान लागू

पटना के दुल्हिनबाजार स्थित ऐतिहासिक उलार धाम तालाब में छठ पूजा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दो किलोमीटर पहले ही रोक दिए जाएंगे वाहन, तालाब के चारों ओर बैरिकेडिंग और रोशनी की विशेष व्यवस्था

Ular Dham Chhath Puja 2026 preparation
उलार धाम में छठ पर्व पर सख्त पहरा,ड्रोन और सीसीटीवी से होगी मेले की निगरानी- फोटो : Reporter

 पटना (पालीगंज): लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल अंतर्गत दुल्हिनबाजार के प्रसिद्ध ऐतिहासिक उलार धाम (उलार सूर्य मंदिर) में जिला प्रशासन और मंदिर समिति की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार से शुरू होने वाले इस चार दिवसीय महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि देश-विदेश और विभिन्न जिलों से आने वाले व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


सुरक्षा के कड़े इंतजाम: 4 मजिस्ट्रेट और 300 पुलिस बल तैनात

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पालीगंज के एसडीओ चंदन कुमार और डीएसपी-02 के अनुसार, मंदिर के पवित्र तालाब के चारों कोनों पर एक-एक मजिस्ट्रेट के साथ चार-चार सशस्त्र पुलिस बल तैनात किए गए हैं। पूरे मेला क्षेत्र में कुल 4 मजिस्ट्रेट, 200 पुरुष पुलिस बल और 100 महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा मंदिर के मुख्य गेट के दोनों तरफ भी सुरक्षा बल मुस्तैद रहेंगे।


असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर: सीसीटीवी, ड्रोन और सादे लिबास में पुलिस

मेले के दौरान हुड़दंगियों और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं। सादे लिबास में पुलिसकर्मी लगातार गश्त करेंगे। साथ ही, पूरे मेला परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से की जाएगी। तालाब के एक छोर पर नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) बनाया गया है, जहाँ से सुरक्षाकर्मियों और गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी।


यातायात और पार्किंग के विशेष इंतजाम, वाहनों के प्रवेश पर रोक

भीड़ नियंत्रण और सुगम यातायात के लिए मेला क्षेत्र में सवारी गाड़ियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इसके लिए हर सड़क पर दो किलोमीटर पहले ही वाहन स्टैंड बनाए गए हैं, जहाँ पुलिस बल गाड़ियों को रोककर पार्क कराएंगे। चार दिनों तक यह विशेष ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावी रहेगी ताकि मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।


सौंदर्यकरण और बैरिकेडिंग: तालाब के चारों ओर रोशनी व विशेष सुविधाएं 

इस वर्ष पर्यटन विभाग द्वारा उलार धाम के सौंदर्यीकरण के तहत छठव्रतियों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। तालाब के चारों ओर रोशनी (लाइटिंग) की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। हर साल की तरह इस बार भी व्रतियों की सुरक्षा के लिए तालाब के अंदर बैरिकेडिंग कराई गई है, ताकि यहाँ आने वाले सभी श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और सुरक्षित माहौल में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें।

पालीगंज से ऋषिकेश की रिपोर्ट