Bihar Holi Travel: होली पर घर लौटना हुआ मिशन इम्पॉसिबल! ट्रेनें फुल, फ्लाइट का किराया सुन उड़ जाएंगे होश, प्लेटफॉर्म पर मचा हंगामा

Bihar Holi Travel: होली की रौनक जैसे-जैसे करीब आ रही है, दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों से बिहार लौटने वाले प्रवासियों के लिए घर पहुंचना किसी जंग से कम नहीं रह गया है।

होली पर घर लौटना हुआ मिशन इम्पॉसिबल!- फोटो : social Media

Bihar Holi Travel:  होली की रौनक जैसे-जैसे करीब आ रही है, दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों से बिहार लौटने वाले प्रवासियों के लिए घर पहुंचना किसी जंग से कम नहीं रह गया है। ट्रेनों में कंफर्म सीट मिलना नामुमकिन सा हो गया है। रेलवे ने 200 से अधिक होली स्पेशल ट्रेनें चलाईं, लेकिन हालात ये हैं कि उनमें भी लंबी वेटिंग लिस्ट है। अब यात्रियों की आखिरी उम्मीद सिर्फ तत्काल कोटा बनकर रह गई है।

ट्रेन में जगह नहीं तो लोगों ने हवाई सफर का रुख किया, लेकिन वहां भी जेब पर भारी बोझ पड़ रहा है। मुंबई से पटना की फ्लाइट का किराया 1 मार्च के लिए 23,453 रुपए तक पहुंच गया है। हैरत की बात ये है कि इसी दिन दिल्ली से बैंकॉक का किराया महज 9,483 रुपए है। यानी देश के भीतर सफर करना विदेश जाने से महंगा पड़ रहा है।

होली में घर आने वालों के लिए दिल्ली, हरियाणा, झारखंड और पश्चिम बंगाल से परिवहन निगम ने 51 स्पेशल बसें चलाई हैं, लेकिन इनमें भी 90 फीसदी सीटें फुल हो चुकी हैं। यात्रियों को ऑन-द-स्पॉट टिकट मिल रहा है। वहीं होली के बाद वापसी के लिए पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और गया से 118 बसें चलाई जाएंगी। बुकिंग की सुविधा बिहार राज्य सड़क परिवहन निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

भारतीय रेल की लंबी दूरी की ट्रेनों में 30 फीसदी तक यात्री बढ़ गए हैं। दुरंतो और राजधानी जैसी ट्रेनों में फ्लेक्सी फेयर के कारण किराया डेढ़ गुना बढ़कर 3515 रुपए तक पहुंच गया, फिर भी सीट खाली नहीं। जनरल बोगियों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची है।

पटना जंक्शन पर शुक्रवार शाम हालात बेकाबू दिखे। पटना-गया पैसेंजर के आने से पहले प्लेटफॉर्म नंबर 10 पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घोषणा होते ही करीब 25 फीसदीयात्री ट्रैक पर उतर गए। देखते ही देखते ट्रैक प्लेटफॉर्म बन गया। धक्का-मुक्की में दो-तीन यात्री गिर भी पड़े, लेकिन भीड़ को नियंत्रित करने के लिए न तो आरपीएफ और न ही जीआरपी सक्रिय नजर आई।

28 फरवरी को दिल्ली से पटना आने वाली 19 ट्रेनों में एक भी सीट खाली नहीं है। होली स्पेशल ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग लिस्ट है। भीड़ को देखते हुए रेलवे ने चार और स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है, लेकिन फिलहाल यात्रियों के लिए होली का सफर किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं।