बिहार में उमस ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें, गर्मी पर मौसम विभाग का अलर्ट तो बिजली खपत ने तोड़ा रिकॉर्ड

बिहार में झुलसाने वाली गर्मी पर मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी गर्म हवाओं के कारण “हीट इंडेक्स” यानी महसूस होने वाली गर्मी वास्तविक तापमान से कहीं अधिक हो रही है।

heat alert in Bihar- फोटो : news4nation

Bihar Weather : बिहार में जेठ की गर्मी अब लोगों पर भारी पड़ने लगी है। राजधानी पटना समेत राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान भले ही 40 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, लेकिन हवा में नमी और लगातार बढ़ रही उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। सुबह से ही चिलचिलाती धूप, गर्म हवाएं और पसीने ने आम जनजीवन को प्रभावित कर रखा है। पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर और दरभंगा जैसे शहरों में दोपहर के समय सड़कें अपेक्षाकृत खाली दिख रही हैं। 


मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी गर्म हवाओं के कारण “हीट इंडेक्स” यानी महसूस होने वाली गर्मी वास्तविक तापमान से कहीं अधिक हो रही है। यही वजह है कि 40 डिग्री तापमान भी लोगों को 45 डिग्री जैसी तपिश का एहसास करा रहा है। हालांकि गुरुवार को उत्तर बिहार के कुछ हिस्सों में तेज हवा और हल्की बारिश जरूर दर्ज की गई, लेकिन इसका असर बहुत सीमित रहा। बारिश के बाद वातावरण में नमी और बढ़ गई, जिससे उमस ने लोगों की परेशानी दोगुनी कर दी।  


स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह

डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है, क्योंकि उमस और लू मिलकर डिहाइड्रेशन तथा हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ा सकते हैं।


गर्मी बढ़ने से बिजली की मांग ने तोड़ा रिकॉर्ड


भीषण गर्मी का असर देश की बिजली खपत पर भी साफ दिख रहा है। केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को भारत की पीक पावर डिमांड बढ़कर 265.44 गीगावाट तक पहुंच गई, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है लगातार तीसरे दिन बिजली खपत का नया रिकॉर्ड बना है। मंत्रालय के मुताबिक, दोपहर 3:45 बजे यह रिकॉर्ड दर्ज किया गया। इससे पहले मंगलवार को 260.45 गीगावाट और सोमवार को 257.37 गीगावाट की रिकॉर्ड मांग दर्ज हुई थी . विशेषज्ञ मान रहे हैं कि एयर कंडीशनर, कूलर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के बढ़ते इस्तेमाल के कारण बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है।


पूरा उत्तर भारत बेहाल 

न सिर्फ बिहार बल्कि पूरा उत्तर भारत इन दिनों गर्मी के चरम को झेल रहा है, देश की राजधानी दिल्ली में हालात और ज्यादा गंभीर बने हुए हैं। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5.2 डिग्री अधिक है। भारतीय मौसम विभाग ने दिन में लू चलने की चेतावनी जारी करते हुए अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया है।


दिल्ली के रिज बेस स्टेशन पर बुधवार को 45.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो राजधानी का सबसे गर्म इलाका रहा। इसके साथ ही दिल्ली की वायु गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियन्त्रण बोर्ड के मुताबिक गुरुवार सुबह 9 बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 153 दर्ज किया गया, जो ‘मॉडरेट’ श्रेणी में आता है।


बांदा में 48 डिग्री तापमान 

उत्तर भारत के कई राज्य इस समय तेज हीटवेव की चपेट में हैं। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बुधवार को देश का सबसे अधिक 48 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। विशेषज्ञों के मुताबिक, इस बार मई महीने में लगातार पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने और मानसून की प्रगति धीमी रहने से गर्मी अधिक महसूस हो रही है।

वंदना की रिपोर्ट