IAS Anand Kishor: टेंडर घोटाले में IAS आनंद किशोर पर ED का शिकंजा! आज पूछताछ की तैयारी, 30 सवालों की फेहरिस्त तैयार

IAS Anand Kishor:टेंडर घोटाले में ईडी बुधवार को वरीय IAS अधिकारी आनंद किशोर से पूछताछ कर सकती है। 30 सवालों की सूची तैयार, डिजिटल चैट और टेंडर आवंटन पर होगी जांच।

IAS Anand Kishor: टेंडर घोटाले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) बुधवार को वरीय आईएएस अधिकारी आनंद किशोर से पूछताछ कर सकता है। इसके लिए ईडी ने करीब 30 सवालों की सूची तैयार की है। जांच एजेंसी की दो से तीन टीमें दस्तावेजों के आधार पर उनसे सवाल कर सकती हैं। पूछताछ में पूर्व नगर आयुक्त मुमुक्षु चौधरी के बयान, डिजिटल चैट और नमामि गंगे व बुडको के टेंडर आवंटन से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहेंगे।


आनंद किशोर को 11 नवंबर को अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया था, लेकिन वे प्रशासनिक कार्यों का हवाला देकर नहीं पहुंचे थे। इससे पहले 30 अक्टूबर को भी वे ईडी के सामने पेश नहीं हुए थे।


पांच IAS अधिकारियों से पहले ही हो चुकी है पूछताछ


इस मामले में ईडी अब तक पांच आईएएस अधिकारियों से पूछताछ कर चुकी है। इनमें योगेश कुमार सागर, अभिलाषा शर्मा, संतोष कुमार मल्ल, धर्मेंद्र कुमार और सुनील यादव शामिल हैं। टेंडर घोटाले को लेकर ठेकेदार रिशुश्री की याचिका पर सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने भी गंभीर टिप्पणी की थी। अदालत ने कहा था कि रिशुश्री केवल एक मोहरा है और असली किंगपिन पर्दे के पीछे हैं। कोर्ट ने यह भी कहा था कि एजेंसियों पर कुछ लोगों को बचाने और कुछ को फंसाने की कोशिश के आरोप लग रहे हैं। हाईकोर्ट ने एसवीयू के एडीजी को 27 नवंबर या उससे पहले शपथपत्र दाखिल कर यह स्पष्ट करने का निर्देश दिया है कि बाकी अधिकारियों को आरोपी क्यों नहीं बनाया गया। मामले में अगली सुनवाई 27 नवंबर को होगी।


मुमुक्षु चौधरी के बयान और डिजिटल चैट पर होंगे सवाल


ईडी के हलफनामे में दर्ज पूर्व नगर आयुक्त मुमुक्षु चौधरी के बयान के अनुसार, सीतामढ़ी नगर निगम का अतिरिक्त प्रभार दिलाने के लिए रिशुश्री ने कथित तौर पर उच्च स्तर पर 25 लाख रुपये पहुंचाए थे। डिजिटल चैट में तत्कालीन डीएम से सिफारिश किए जाने का भी उल्लेख है। जांच एजेंसी रिशुश्री द्वारा आनंद किशोर को 'भैया' कहने और विभागीय कामकाज में कथित दखल रखने से जुड़े तथ्यों पर भी सवाल कर सकती है।


निजी आवास पर बिना टेंडर काम कराने का आरोप


इस मामले में साहिल सिन्हा ने कथित तौर पर स्वीकार किया है कि रिशुश्री की कंपनी रिलायबल ग्रुप ने एक आईएएस अधिकारी के निजी आवास पर बिना टेंडर के काम कराया था। अब जांच एजेंसी यह जानना चाहती है कि इस काम का भुगतान किस मद से और किस तरीके से किया गया।