Nitish Setu: आजादी के बाद गंगा के दोनों किनारों को जोड़कर नीतीश ने रचा इतिहास, दशकों बाद पहली बार सड़क से जुड़ा यह दियारा!

नीतीश सेतु का उद्घाटन 21 नवंबर को PM नरेंद्र मोदी करेंगे। जानें कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल की लंबाई, लागत, निर्माण का इतिहास और इससे मिलने वाले फायदे।

Nitish Setu

Nitish Setu: पटना के कच्ची दरगाह से वैशाली के बिदुपुर तक गंगा नदी पर बना छह लेन का पुल अब ‘नीतीश सेतु’ के नाम से जाना जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर 2026 को बिहार दौरे के दौरान इस पुल को जनता को समर्पित करेंगे। बिहार सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर पुल का नाम रखने की घोषणा की है। 


इस पुल के शुरू होने से पटना और उत्तर बिहार के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा। खासकर राघोपुर दियारा के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें गंगा पार करने के लिए नाव या पीपा पुल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे गांधी सेतु पर वाहनों का दबाव भी कम होने की उम्मीद है।


19.76 किलोमीटर लंबी परियोजना, मुख्य पुल 9.76 किमी का


कच्ची दरगाह-बिदुपुर परियोजना की कुल लंबाई 19.76 किलोमीटर है। इसमें गंगा पर बना 9.76 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और दोनों ओर की पहुंच सड़कें शामिल हैं। इस परियोजना की लागत 4,988.40 करोड़ रुपये बताई गई है।  पुल के शुरू होने से पटना से वैशाली और उत्तर बिहार के दूसरे इलाकों तक पहुंचना आसान होगा। इससे कृषि उत्पादों की ढुलाई, कारोबार और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। आपात स्थिति में राघोपुर दियारा के लोगों को इलाज के लिए पटना पहुंचने में भी सुविधा होगी।


2012 में बनी थी पुल की योजना


इस छह लेन पुल की योजना वर्ष 2012 में बनाई गई थी। सितंबर 2012 में आधारभूत संरचना विकास प्राधिकरण ने इसे सैद्धांतिक मंजूरी दी थी। फरवरी 2013 में ट्रांजेक्शन एडवाइजर की नियुक्ति और संभावित रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ी। जून 2013 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने पुल के एलाइनमेंट का प्रस्तुतीकरण किया गया। अगस्त 2014 में केंद्र सरकार ने एशियाई विकास बैंक (ADB) से ऋण लेने की सिफारिश की। इसके बाद ऋण समझौते की प्रक्रिया हुई और दिसंबर 2014 में केंद्र से परियोजना को एनओसी मिली। मार्च 2015 में राजमार्ग मंत्रालय के सचिव की अध्यक्षता में पुल निर्माण को लेकर बैठक हुई। जुलाई 2015 में अंतरराष्ट्रीय निविदा आमंत्रित की गई और निर्माण एजेंसी के साथ अनुबंध के बाद काम आगे बढ़ा। परियोजना का निर्माण कार्य 2017 में शुरू हुआ। 


गांधी सेतु पर कम होगा ट्रैफिक का दबाव


नीतीश सेतु के चालू होने से पटना और वैशाली के बीच आवागमन के लिए एक नया रास्ता मिलेगा। इससे गांधी सेतु पर निर्भरता कम होगी और उत्तर बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। राघोपुर दियारा के लोगों के लिए भी यह पुल सड़क संपर्क का नया रास्ता खोलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को पुल का उद्घाटन कर इसे देश को समर्पित करेंगे।