बिहार में अफ़सरशाही की हनक! RSS प्रमुख की Z+ सुरक्षा बैठक में भड़के IAS, अधिकारियों को दुत्कार कर निकाला

बिहार में अफसरशाही का बड़ा रूप! पटना एयरपोर्ट पर RSS प्रमुख मोहन भागवत की Z+ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चल रही हाई-लेवल मीटिंग में IAS अधिकारी नीलेश रामचंद्र देवड़े ने जमकर बवाल काटा। एसपी, एडीएम और सीआईएसएफ के अधिकारियों को डांटकर बाहर निकाला।

मोहन भागवत की सुरक्षा बैठक में आईएएस अधिकारी का बवाल- फोटो : Reporter

राजधानी पटना से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत के बिहार दौरे को लेकर आयोजित एक हाई-प्रोफाइल सुरक्षा बैठक में बड़ा विवाद खड़ा हो गया। पटना एयरपोर्ट परिसर के स्टेट हैंगर में चल रही इस महत्वपूर्ण बैठक के बीच बिहार कैडर के 2011 बैच के चर्चित आईएएस अधिकारी ने पहुँचकर न सिर्फ हंगामा किया, बल्कि नियमों को दरकिनार करते हुए वहां मौजूद वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। आईएएस की इस हनक के बाद अधिकारियों को बैठक बीच में ही छोड़नी पड़ी।


Z+ सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत बुलाई गई थी हाई-लेवल मीटिंग

गौरतलब है कि आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को देश भर में Z+ (जेड प्लस) सुरक्षा और ASL (एडवांस्ड सिक्योरिटी लिएजोन) कवर मिला हुआ है। प्रोटोकॉल के मुताबिक, उनके किसी भी राज्य के दौरे से 72 घंटे पहले सुरक्षा व्यवस्था की चाक-चौबंद तैयारी के लिए एक विशेष बैठक बुलाई जाती है। इसी कड़ी में पटना के स्टेट हैंगर में आयोजित इस हाई-लेवल मीटिंग में पटना के एसपी एडमिन, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, डिस्ट्रिक्ट प्रोटोकॉल ऑफिसर, ट्रैफिक डीएसपी और सीआईएसएफ (CISF) के असिस्टेंट कमान्डेंट जैसे कई शीर्ष अधिकारी भावी रोड मैप तैयार करने के लिए मौजूद थे।


सिविल एविएशन डायरेक्टर नीलेश रामचंद्र देवड़े ने अधिकारियों को खदेड़ा

बैठक अभी चल ही रही थी कि नागरिक विमानन विभाग के विशेष सचिव जैसी अहम जिम्मेदारियां निभा रहे आईएएस अधिकारी नीलेश रामचंद्र देवड़े वहां पहुंचे। उन्होंने पूरी धमक के साथ बैठक में दखल दिया और वहां मौजूद सभी वरीय अधिकारियों पर भड़क गए। आईएएस अधिकारी ने सख्त लहजे में इन बड़े अधिकारियों को तुरंत स्टेट हैंगर खाली करने का आदेश दे दिया। इस अप्रत्याशित डांट डपट और अधिकारी कि हनक देख ण केवल सभी अधिकारी हतप्रभ रह गए बल्कि सुरक्षा मीटिंग में शामिल सभी अधिकारियों को वहां से उठकर एयरपोर्ट स्थित एविएशन डायरेक्टर के कॉन्फ्रेंस हॉल में जाकर अपनी बाकी की बैठक पूरी करनी पड़ी।


आईएएस अधिकारी का पुराना विवादों से रहा है नाता

यह पहली बार नहीं है जब आईएएस नीलेश रामचंद्र देवड़े अपने रुख को लेकर चर्चा में आए हैं। इससे पहले भी वे सोशल मीडिया पर भारी विवादों में घिर चुके हैं। विगत दिनों उनकी एक तस्वीर काफी वायरल हुई थी, जिसमें वे अपने परिवार के साथ एक निजी चार्टर प्लेन से छुट्टियां मनाने घूमने गए थे। उस वक्त भी सरकारी पद पर रहते हुए इस तरह के वीआईपी लाइफस्टाइल को लेकर उनके आचरण पर कई तरह के गंभीर सवाल खड़े हुए थे, और अब सुरक्षा बैठक में उनके इस व्यवहार ने नया विवाद खड़ा कर दिया है।


ब्यूरोक्रेसी की हनक पर उठे सवाल, सरकार के संज्ञान पर टिकी नजरें

इस पूरी घटना के बाद बिहार की प्रशासनिक व्यवस्था और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। स्टेट हैंगर में वीआईपी मूवमेंट के लिए बैठकें करने की परिपाटी वर्षों से चली आ रही है, ऐसे में एक आईएएस अधिकारी द्वारा राज्य की सुरक्षा मशीनरी को इस तरह खदेड़ना पद के अहंकार और प्रशासनिक तालमेल की भारी कमी को दर्शाता है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि बिहार में भाजपा की सरकार होने के बावजूद आरएसएस प्रमुख की सुरक्षा बैठक में ऐसा व्यवधान आया है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि इस गंभीर मामले पर सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी क्या कड़ा संज्ञान लेते हैं।