Bihar News : कलयुगी बेटे ने किया रिश्ते का क़त्ल, पिता की लाठी डंडे से पीटकर की हत्या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

PATNA : बिहार की राजधानी पटना से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दीघा थाना क्षेत्र के कुर्जी पुल कोठिया मोड़ के पास एक बेटे ने अपने ही वृद्ध पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। मामूली घरेलू विवाद में शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ा कि बेटे ने अपने पिता पर लाठी-डंडों से तब तक प्रहार किया जब तक उनकी जान नहीं निकल गई।

लाठी-डंडों से किया जानलेवा हमला

मृतक की पहचान 60 वर्षीय मोहम्मद जुम्मन मियां के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात जुम्मन मियां और उनके बेटे मोहम्मद खालिद के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना गहरा गया कि तैश में आकर खालिद ने लाठी-डंडों से अपने पिता पर हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगने के कारण जुम्मन मियां लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

आरोपी बेटा गिरफ्तार, एएसपी ने की पुष्टि

घटना की जानकारी मिलते ही दीघा थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर मौजूद लॉ एंड ऑर्डर एएसपी दिव्यांजलि जायसवाल ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे मोहम्मद खालिद को गिरफ्तार कर लिया है। एएसपी के मुताबिक, पिता-पुत्र के बीच लंबे समय से आपसी विवाद चला आ रहा था और अक्सर उनके बीच झगड़े होते रहते थे।

साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाई गई FSL की टीम

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एएसपी ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य संकलन के लिए FSL (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम को बुलाया गया है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है ताकि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके। इस घटना के बाद कुर्जी इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग इस 'कलयुगी बेटे' की करतूत से स्तब्ध हैं।

पटना से अनिल की रिपोर्ट