INDIA Alliance Rally: दिल्ली में वोट बचाओ की हुंकार, बिहार में INDIA गठबंधन में दरार? मुकेश सहनी के तेवर से मची हलचल

INDIA Alliance Rally: नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आज INDIA गठबंधन की ओर से 'वोट बचाओ, देश बचाओ' राष्ट्रीय रैली आयोजित की गई है। ...

INDIA गठबंधन की रैली में सहनी की अनदेखी!- फोटो : X

INDIA Alliance Rally: नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आज INDIA गठबंधन की ओर से 'वोट बचाओ, देश बचाओ' राष्ट्रीय रैली आयोजित की गई है। इस रैली में बिहार से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, अखिलेश सिंह समेत महागठबंधन के कई नेता और बड़ी तादाद में कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं। हालांकि, इस सियासी जमावड़े के बीच बिहार की राजनीति में एक नया विवाद भी सामने आ गया है। विकासशील इंसान पार्टी के सुप्रीमो मुकेश सहनी को रैली में शामिल होने का न्योता नहीं मिलने की बात सामने आई है।

मुकेश सहनी ने इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उनकी पार्टी के कई कार्यकर्ता रैली में शामिल हो रहे हैं और बिहार से भी कई बड़े नेता दिल्ली पहुंचे हैं। हालांकि, उन्होंने साफ लहजे में कहा कि वे केवल मंच पर कुर्सी के पीछे बैठने के लिए राजनीति नहीं करते। बिहार में उनकी पार्टी अपनी भूमिका खुद तय करेगी और वहां नेतृत्व करेगी। उनके इस बयान को INDIA गठबंधन के भीतर सम्मान और राजनीतिक हिस्सेदारी की मांग के तौर पर देखा जा रहा है।

दिल्ली पहुंचे मुकेश सहनी, न्योते को लेकर उठे सवाल

VIP के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने बताया कि पार्टी सुप्रीमो मुकेश सहनी दिल्ली पहुंच चुके हैं, लेकिन INDIA ब्लॉक की ओर से उन्हें राष्ट्रीय रैली में शामिल होने का कोई औपचारिक निमंत्रण नहीं दिया गया है। इस बयान के बाद गठबंधन के भीतर आपसी तालमेल और सहयोगी दलों को मिलने वाली अहमियत को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

SIR और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के खिलाफ हल्लाबोल

दरअसल, INDIA गठबंधन की यह रैली मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और वोटरों के नाम कथित तौर पर गलत तरीके से काटे जाने के विरोध में आयोजित की गई है। विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठा रहे हैं। गठबंधन का आरोप है कि मतदाता सूची में गड़बड़ियों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मताधिकार प्रभावित हो सकते हैं।इससे पहले भी विपक्षी दल इस मुद्दे पर कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं। 6 से 13 अक्टूबर के बीच INDIA ब्लॉक के नेताओं ने आठ बार विरोध प्रदर्शन किया था। वहीं, 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी और वामपंथी दलों की ओर से भी इसी मुद्दे पर प्रदर्शन का आह्वान किया गया था, लेकिन दिल्ली पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी थी।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह

बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि राष्ट्रीय रैली को लेकर बिहार के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह और जोश है। उन्होंने इसे देश के लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की हिफाजत के लिए एक अहम लड़ाई बताया। कांग्रेस का कहना है कि निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया बनाए रखने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जनता की आवाज को एकजुट होकर बुलंद करना जरूरी है।रामलीला मैदान की इस रैली में जहां विपक्षी दल चुनावी प्रक्रिया और मतदाता अधिकारों को लेकर केंद्र सरकार तथा चुनाव आयोग पर निशाना साध रहे हैं, वहीं मुकेश सहनी के बयान ने बिहार में INDIA गठबंधन के भीतर सियासी हिस्सेदारी और नेतृत्व को लेकर नई बहस छेड़ दी है।