LPG Price Hike: गैस सिलेंडर हुआ महंगा, दिवाली से पहले महंगाई का गैस अटैक! जानिए कीमत, मिठाई-खाना होगा महंगा

LPG Price Hike: पटना, दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई समेत कई शहरों में गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।...

 LPG Price Hike:  गैस सिलेंडर हुआ महंगा, दिवाली से पहले महंग
गैस सिलेंडर के दाम में फिर लगी आग!- फोटो : X

 LPG Price Hike:   दिवाली से ठीक पहले महंगाई का एक और झटका लगा है। पटना, दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई समेत कई शहरों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार तीसरे महीने बढ़ोतरी दर्ज की गई है। तेल कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 10 रुपये से लेकर 17 रुपये तक का इजाफा किया है। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी कोलकाता में देखने को मिली है। इस बढ़ोतरी का सीधा असर मिठाई कारोबारियों, होटल संचालकों और रेस्तरां व्यवसाय से जुड़े लोगों पर पड़ सकता है।

त्योहारों के इस मौसम में गैस सिलेंडर महंगा होने से मिठाइयों की कीमतों और बाहर खाना खाने का खर्च बढ़ने की आशंका है। खासकर दिवाली के मौके पर मिठाई और पकवानों की मांग काफी बढ़ जाती है। ऐसे में कमर्शियल गैस की कीमतों में इजाफा कारोबारियों की लागत बढ़ा सकता है, जिसका बोझ आखिरकार आम ग्राहकों की जेब पर पड़ सकता है।

दिल्ली से चेन्नई तक कितने बढ़े दाम?

इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन  के आंकड़ों के मुताबिक, पटना में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत  1040 रुपए हो गई है। दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 10 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद राजधानी में इसकी कीमत बढ़कर 2,820 रुपये हो गई है।

वहीं, कोलकाता में सबसे ज्यादा 17 रुपये का इजाफा हुआ है। यहां कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत बढ़कर 2,971 रुपये पहुंच गई है। मुंबई में 10.50 रुपये की बढ़ोतरी के बाद सिलेंडर का दाम 2,775 रुपये हो गया है। जबकि चेन्नई में 11.50 रुपये की वृद्धि के बाद कीमत 2,994.50 रुपये पर पहुंच गई है।

तीन महीने में लगातार तीसरी बार महंगी हुई गैस

कमर्शियल एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए परेशानी यहीं खत्म नहीं होती। अगस्त के बाद से लगातार तीन बार कीमतों में बढ़ोतरी हो चुकी है। आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 82 रुपये महंगा हुआ है। कोलकाता में कुल 98.50 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।इसी तरह मुंबई में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 83.50 रुपये और चेन्नई में 88.50 रुपये बढ़ चुकी है। यानी बीते तीन महीनों में कारोबारियों की लागत में लगातार इजाफा हुआ है।

घरेलू गैस सिलेंडर के दाम स्थिर

कमर्शियल गैस के उलट घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर 942 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये पर बना हुआ है।घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में आखिरी बार जून में बदलाव किया गया था। ऐसे में आम परिवारों को फिलहाल घरेलू रसोई गैस के मोर्चे पर राहत जरूर मिली है, लेकिन कमर्शियल गैस की लगातार बढ़ती कीमतों ने दिवाली से पहले मिठाई, होटल और रेस्तरां कारोबार की चिंता बढ़ा दी है।