Bihar Budget Session: 'तातवा में जन्म लेना गुनाह', सम्राट चौधरी के सामने फूट फूटकर रोने लगे IP गुप्ता, इंसाफ दिलाइए हुजूर..
Bihar Budget Session: सदन में आईपी गुप्ता अपनी बात रखते हुए अचानक रोने लगे। भावुक होते हुए उन्होंने गृह मंत्री सम्राट चौधरी से मांग की। आइए जानते हैं पूरा मामला
Bihar Budget Session: बिहार विधानसभा के 14वें दिन दूसरे चरण की कार्यवाही के दौरान विधायक आईपी गुप्ता एक कथित दुष्कर्म और संदिग्ध मौत के मामले को उठाते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि वे इस मुद्दे को उठाने के लिए लंबे समय से इंतजार कर रहे थे और सीधे गृह मंत्री से जवाब मांगा। इस दौरान आईपी गुप्ता भावुर दिखे और वो रोने भी लगे।
सदन में रोने लगे आईपी गुप्ता
आईपी गुप्ता ने सदन में आरोप लगाया कि 3 मई को एक बच्ची को उसके घर से उठाकर मकई के खेत में ले जाया गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। उन्होंने कहा कि 4 मई की शाम उसे मोटरसाइकिल से गंभीर अवस्था में घर के पास छोड़ा गया और आरोपी फरार हो गया। परिजनों द्वारा पुलिस में शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। 7 मई को आरोपी आया और बच्ची को मौत के घाट उतार दिया लेकिन पुलिस ने उसे आत्महत्या का रुप दे दिया। 15 साल की बच्ची मर गई। उन्होंने कहा कि मुझे तो लगता है कि मैं ततवां जाति में जन्म लेकर गुनाह किया।
अब तक नहीं मिला इंसाफ
उन्होंने आरोप लगाया कि मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। आईपी गुप्ता ने कहा कि पीड़िता सामाजिक रूप से कमजोर परिवार से थी और उसके परिजनों ने न्याय के लिए कई स्तरों पर गुहार लगाई। मुख्यमंत्री के जनता दरबार से लेकर डीजीपी तक आवेदन दिया और विभिन्न जनप्रतिनिधियों को चिट्ठियां लिखीं लेकिन अब तक न्याय नहीं मिला।
इंसाफ दिलाइए हुजूर
सदन में बोलते हुए वे भावुक हो गए और कहा कि पीड़िता की मां उनके घर आकर रोती रही और इंसाफ की गुहार लगाती रही। उन्होंने गृह मंत्री से हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मामले में कुछ करिए हुजूर..बच्ची को न्याय दिलाइए। मामले को लेकर सदन में कुछ देर के लिए गंभीर माहौल बन गया। सत्ता पक्ष की ओर से आश्वासन दिया गया कि मामले की जांच तथ्यों के आधार पर की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी।