Anant Singh News: मोकामा की धरती पर महामुकाबला! अनंत सिंह के महादंगल में ईरान के पहलवान दिखाएंगे दम, CM नीतीश को न्योता
Anant Singh News: बिहार के मोकामा में आज अंतरराष्ट्रीय महादंगल का आयोजन किया जाएगा। मोकामा विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह की ओर से नदवां गांव में इसका आयोजन किया जा रहा है। जानकारी अनुसार मोकामा विधायक ने बाहुबली विवेका पहलवान की पुण्यतिथि पर इसका आयोजन किया है। उनका दावा है कि इस कार्यक्रम में 8 से 10 लाख लोगों की भीड़ जुट सकती है। आयोजन को लेकर इलाके में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
देश-विदेश के पहलवान दिखाएंगे दम
जानकारी अनुसार कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी के शामिल होने की पुष्टि हो चुकी है। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उनके बेटे निशांत कुमार समेत कई अन्य नेताओं और जनप्रतिनिधियों को भी निमंत्रण दिया गया है। महादंगल में भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी पहलवान हिस्सा ले रहे हैं। ईरान के हामिद, इरफान और जलाल जैसे नामी पहलवानों के आने की बात कही जा रही है। इसके अलावा जॉर्जिया के टेड्डू पहलवान के भी पहुंचने की चर्चा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कई चर्चित पहलवान भी अखाड़े में अपने दांव-पेंच दिखाएंगे। इसके लिए गांव में विशेष अखाड़ा तैयार किया गया है।
जेल से बाहर आने के बाद पहला बड़ा आयोजन
यह महादंगल अनंत सिंह के जेल से बाहर आने के बाद पहला बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम माना जा रहा है। दुलारचंद यादव हत्याकांड में पटना हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद वे हाल ही में बेऊर जेल से बाहर आए हैं। आयोजन को लेकर वे खुद तैयारियों का जायजा लेते नजर आए हैं।
विवेका पहलवान की याद में आयोजन
दंगल का आयोजन विवेका पहलवान की स्मृति में किया जा रहा है, जो ‘बिहार केसरी’ खिताब जीत चुके थे। अपनी कड़ी दिनचर्या और फिटनेस के लिए वे जाने जाते थे। उनके परिजनों के मुताबिक, वे रोजाना कई लीटर दूध पीते थे, हजारों दंड-बैठक लगाते थे और लंबी दौड़ लगाते थे।
सुरक्षा और व्यवस्थाएं दुरुस्त
महादंगल को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ निजी सुरक्षा कर्मी भी मौके पर मौजूद रहेंगे। भीड़ नियंत्रण और एंट्री प्वाइंट्स पर निगरानी के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजन स्थल पर आने वाले लोगों के लिए भोजन और पानी की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। बड़े स्तर पर भंडारा चलाया जाएगा। इसके अलावा गर्मी को देखते हुए टेंट, शेड और पानी के छिड़काव की व्यवस्था की गई है। प्राथमिक चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।