राजस्व विभाग में बड़ा एक्शन: अवैध जमाबंदी मामले में रतनी फरीदपुर की CO निलंबित, विशेष निगरानी इकाई करेगी जांच

राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने जहानाबाद के रतनी फरीदपुर की अंचलाधिकारी नुजहत को निलंबित कर विशेष निगरानी इकाई (SVU) से जांच के आदेश दिए हैं। उन पर अवैध जमाबंदी कायम करने के बदले पति के खाते में ऑनलाइन रिश्वत लेने का आरोप है

अवैध जमाबंदी मामले में रतनी फरीदपुर की CO नुजहत निलंबित- फोटो : Reporter

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने जहानाबाद जिले के रतनी फरीदपुर की अंचलाधिकारी (CO) नुजहत को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही पूरे मामले की जांच विशेष निगरानी इकाई (SVU) से कराने का आदेश भी जारी किया गया है। इस सख्त कार्रवाई के बाद से मेडिकल लीव पर चल रही अंचलाधिकारी की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं।


अवैध जमाबंदी और पति के खाते में रिश्वत का आरोप

अंचलाधिकारी नुजहत पर गंभीर आरोप लगे हैं कि उन्होंने अवैध जमाबंदी कायम करने के बदले रिश्वत की रकम अपने पति के बैंक खाते में ऑनलाइन माध्यम से ली। भूमि से जुड़े कार्य में कथित अनियमितता और रिश्वतखोरी के इस मामले ने विभाग के कामकाज पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।


पांच दिन पहले सीओ के पति पर दर्ज हुई थी एफआईआर

बताया जा रहा है कि इस प्रकरण से जुड़ी प्राथमिकी पांच दिन पूर्व ही अंचलाधिकारी के पति के खिलाफ दर्ज की गई थी। मामले की कड़ियां जुड़ने के बाद अब प्रशासनिक स्तर पर सीओ के खिलाफ भी निलंबन और उच्चस्तरीय जांच की कार्रवाई की गई है।


एफआईआर में सीओ सहित छह लोग संदिग्ध

सामने आई जानकारी के अनुसार, दर्ज एफआईआर में अंचलाधिकारी सहित कुल छह आरोपितों को संदिग्ध की श्रेणी में रखा गया है। जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क और लेनदेन से जुड़े पहलुओं की पड़ताल में जुटेंगी ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।


राजस्व महकमे में हड़कंप, सख्त संदेश

जहानाबाद में अंचलाधिकारी के निलंबन और विशेष निगरानी इकाई को जांच सौंपने के फैसले से जिले के प्रशासनिक और राजस्व महकमे में हड़कंप मच गया है। विभाग की इस कार्रवाई को भूमि संबंधित कार्यों में भ्रष्टाचार और अनियमितता के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।