60 दिन में SC-ST मामलों का निपटारा और महिला अपराधों में संवेदनशील जांच: रेंज आईजी ने कसी कमर

पटना और नालंदा में लंबित कांडों, महिला अपराध और एससी-एसटी मामलों को लेकर रेंज आईजी जितेंद्र राणा ने समीक्षा बैठक की। लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और 60 दिनों में एससी-एसटी मामलों के निपटारे के निर्देश दिए गए।

Patna Nalanda pending cases review meeting range ig
पटना और नालंदा में लंबित कांडों पर रेंज आईजी जितेंद्र राणा की समीक्षा बैठक- फोटो : Reporter

पटना और नालंदा जिले में लंबित कांडों के निष्पादन, महिला अपराध और एससी-एसटी मामलों को लेकर रेंज आईजी जितेंद्र राणा ने वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। गांधी मैदान स्थित आईजी कार्यालय में हुई इस बैठक में उन्होंने जांच प्रक्रिया में तेजी लाने और काम में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।


अधिक लंबित मामलों वाले थानों की खुद समीक्षा करेंगे एसपी

आईजी जितेंद्र राणा ने निर्देश दिया कि जिन थानों में लंबित कांडों की संख्या ज्यादा है, वहां संबंधित एसपी स्वयं नियमित रूप से समीक्षा करें। उन्होंने यह भी कहा कि पर्यवेक्षण के दौरान दिए जाने वाले निर्देश साक्ष्यों के आधार पर हों और उनका अनुपालन तय समय के भीतर सुनिश्चित किया जाए।


महिला अपराध, पॉक्सो और एससी-एसटी मामलों पर विशेष फोकस

बैठक में महिला अपराध, पॉक्सो और दुष्कर्म से जुड़े मामलों की जांच संवेदनशीलता के साथ करने तथा न्यायालय के आदेशों का पालन करने पर खास जोर दिया गया। इसके साथ ही एससी-एसटी मामलों का 60 दिनों के भीतर निष्पादन करने, पीड़ितों को समय पर मुआवजा दिलाने और संबंधित पोर्टल पर निर्धारित समयसीमा में ब्योरा अपडेट करने के निर्देश दिए गए।


लापरवाही और उदासीनता पर होगी सख्त कार्रवाई

आईजी ने साफ तौर पर कहा कि अनुसंधान में लापरवाही करने वाले और कांडों के निष्पादन में रुचि नहीं दिखाने वाले पुलिस अधिकारियों को चिह्नित किया जाएगा। ऐसे अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि जांच कार्यों में गति बनी रहे।


पटना और नालंदा के शीर्ष पुलिस अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में पटना एसएसपी, एसपी पूर्वी, एसपी पश्चिमी, एसपी ग्रामीण, एसपी क्राइम और नालंदा एसपी समेत अन्य वरीय पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के माध्यम से दोनों जिलों में लंबित मामलों के तेजी से निपटारे और कानून-व्यवस्था से जुड़े संवेदनशील प्रकरणों पर ठोस कार्रवाई की रणनीति तय की गई।

पटना से अनिल की रिपोर्ट