'बिहार की बदली तस्वीर के प्रतीक हैं नीतीश कुमार', नववर्ष पर छोटू सिंह ने मुलाकात कर दी बधाई
Nitish Kumar : वर्ष 2026 के शुभारंभ पर गुरुवार को नागरिक परिषद के महासचिव अरविंद कुमार ऊर्फ छोटू सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। छोटू सिंह को जदयू का वरिष्ठ नेता एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का निकटस्थ माना जाता है और वे लंबे समय से राजनीति के अतिरिक्त सामाजिक व जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहे हैं। इस अवसर पर राज्य के समग्र विकास, सुशासन और सामाजिक सुधारों को लेकर नीतीश कुमार के शासन में हुए कार्यों की छोटू सिंह ने सराहना की।
छोटू सिंह ने कहा कि वर्ष 2005 में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद बिहार में व्यापक बदलाव देखने को मिला। शिक्षा के क्षेत्र में स्कूलों का कायाकल्प, छात्राओं को साइकिल एवं पोशाक योजना, शिक्षकों की बहाली और नामांकन में ऐतिहासिक वृद्धि ने राज्य की तस्वीर बदल दी। महिला सशक्तिकरण की दिशा में 35 प्रतिशत महिला आरक्षण, स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से जीविका जैसी योजनाओं ने लाखों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया। शराबबंदी जैसे साहसिक फैसले ने सामाजिक माहौल पर सकारात्मक असर डाला और परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई।
उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार के कार्यकाल में सड़क, पुल, बिजली, पेयजल और शहरी–ग्रामीण ढांचागत परियोजनाओं का अभूतपूर्व विकास हुआ। स्वास्थ्य क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर मेडिकल कॉलेजों तक सुविधाओं का विस्तार किया गया। कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक पारदर्शिता को भी सरकार की बड़ी उपलब्धियों में गिना जाता है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में बिहार की जनता ने नीतीश कुमार के विकास कार्यों, सामाजिक न्याय और सुशासन को जनमत देकर स्पष्ट समर्थन दिया। इसे जनता का विश्वास और उनके कार्यों की स्वीकृति माना जा रहा है। छोटू सिंह ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि नीतीश कुमार की नीतियों ने बिहार को नई दिशा दी है और आने वाले समय में राज्य और अधिक प्रगति करेगा।