जदयू ने बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव और उपचुनाव के लिए जारी की प्रत्याशियों की सूची, जानिए किसे मिला टिकट

जदयू ने बिहार विधान परिषद के आगामी चुनावों को लेकर अपनी रणनीतिक तैयारी पूरी कर ली है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के हस्ताक्षर से जारी लेटर के अनुसार, जदयू ने वर्ष 2026 में होने वाले विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव और उपचुनाव के लिए

जदयू प्रदेश कार्यालय (फाइल फोटो)- फोटो : न्यूज4नेशन

Patna : बिहार प्रदेश जनता दल (यूनाइटेड) ने बिहार विधान परिषद के आगामी चुनावों को लेकर अपनी चुनावी बिसात बिछा दी है। पार्टी ने बिहार विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव और उपचुनाव वर्ष 2026 के लिए अपने प्रत्याशियों के नामों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। 


द्विवार्षिक चुनाव के लिए तीन चेहरों पर लगाया दांव

जदयू द्वारा जारी सूची के अनुसार, विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए तीन उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दी गई है। इनमें पटना जिला के रहने वाले निशांत कुमार, मधुबनी जिला की भारती मेहता, और पश्चिम चम्पारण जिला से आने वाली शिवरानी देवी प्रजापति का नाम शामिल हैं। पार्टी ने इन तीनों उम्मीदवारों को द्विवार्षिक चुनाव के मुख्य रण में उतारा है।


उपचुनाव के लिए शेखपुरा के ललन प्रसाद को मिला टिकट

वहीं मुख्य द्विवार्षिक चुनाव के साथ-साथ पार्टी ने खाली हुई सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भी अपना पत्ता खोल दिया है। जनता दल (यूनाइटेड) ने शेखपुरा जिला के रहने वाले ललन प्रसाद को इस उपचुनाव के लिए अपना आधिकारिक प्रत्याशी घोषित किया है। इस तरह पार्टी ने कुल चार नेताओं को उच्च सदन में भेजने की तैयारी पूरी कर ली है।


क्षेत्रीय संतुलन साधने और जमीनी पकड़ मजबूत करने की कवायद

राजनीतिक समीक्षकों के अनुसार, जदयू ने इस सूची के माध्यम से बिहार के अलग-अलग जिलों (पटना, मधुबनी, पश्चिम चम्पारण और शेखपुरा) का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित कर एक बड़ा क्षेत्रीय संतुलन बनाने का प्रयास किया है। पार्टी के इस कदम से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होने की उम्मीद है। इस आधिकारिक घोषणा के बाद अब जल्द ही सभी उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी अभियान का शंखनाद करेंगे।


धीरज सिंह की रिपोर्ट