Bihar Politics: सुशासन बाबू के नाम का जलेगा दीया, नीतीश कुमार के 20 साल के शासन का जश्न मनाएगी JDU, दो दिन तक बिहार में मनेगा सुशासन दिवस

Bihar Politics: बिहार की सियासत में नीतीश कुमार के दो दशक लंबे शासन को लेकर जनता दल यूनाइटेड अब जश्न की तैयारी में जुट गया है। ....

सुशासन बाबू के नाम जलेगा दीया- फोटो : X

Bihar Politics: बिहार की सियासत में नीतीश कुमार के दो दशक लंबे शासन को लेकर जनता दल यूनाइटेड अब जश्न की तैयारी में जुट गया है। मुख्यमंत्री की कुर्सी पर करीब 20 साल तक रहे नीतीश कुमार के कार्यकाल को पार्टी एक बड़े राजनीतिक और संगठनात्मक अभियान के तौर पर पेश करने जा रही है। इसके लिए जदयू ने दो दिवसीय सुशासन दिवस समारोह आयोजित करने का फैसला किया है। पार्टी का मकसद इस आयोजन के बहाने नीतीश सरकार के कामकाज, विकास योजनाओं और प्रशासनिक बदलावों को जनता के बीच पहुंचाना है।

इस आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। कार्यक्रम की जिम्मेदारी संभाल रहीं बिहार सरकार की मंत्री और प्रदेश संयोजक लेसी सिंह ने बताया कि 23 और 24 नवंबर को पूरे प्रदेश में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सोमवार 23 नवंबर की शाम प्रदेश मुख्यालय के साथ सभी जिला और प्रखंड कार्यालयों में दीप जलाकर समारोह का आगाज होगा। इसे दीपोत्सव के रूप में मनाया जाएगा।

वहीं, मंगलवार 24 नवंबर को बिहार के सभी जिला मुख्यालयों में सुशासन दिवस और नीतीश संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंचकर बीते दो दशकों में बिहार में हुए बदलावों की चर्चा करेंगे। सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को केंद्र में रखकर सरकार की उपलब्धियां गिनाई जाएंगी।

लेसी सिंह ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को नीतीश कुमार ने पहली बार बिहार की बागडोर संभाली थी। उनके मुताबिक, इसी दिन से प्रदेश में न्याय के साथ विकास की नई शुरुआत हुई। पार्टी अब इसी राजनीतिक विरासत और जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने की तैयारी में है।

कार्यक्रम से पहले लेसी सिंह ने नीतीश कुमार से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन भी लिया। इस दौरान कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम नीतीश सेतु रखे जाने और उसके उद्घाटन पर उन्हें बधाई दी गई। जदयू नेताओं को उम्मीद है कि यह अभियान न सिर्फ सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएगा, बल्कि संगठन को बूथ स्तर पर भी नई मजबूती देगा।