Bihar News : सीएम नीतीश नहीं जदयू के दो दिग्गज नेताओं ने किया शपथ ग्रहण समारोह में पार्टी का प्रतिनिधित्व, जानिए क्यों नहीं गए बिहार के मुख्यमंत्री

दिल्ली में बनी नई भाजपा सरकार का शपथ समारोह गुरुवार को हुआ. इसें पीएम मोदी के साथ ही कई राज्यों के मुख्यमंत्री और एनडीए के नेता शामिल हुए. हालाँकि सीएम नीतीश शपथ समारोह में नहीं आए. इसके पीछे अब एक खास कारण बताया जा रहा है.

JDU
JDU- फोटो : news4nation

Bihar News : रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की सरकार बनी है. इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए भाजपा के कई दिग्गज नेता और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और कई केंद्रीय मंत्री  शपथ समारोह में शामिल हुए. रेखा गुप्ता के साथ ही छह अन्य ने मंत्री पद की शपथ ली. 


शपथ ग्रहण समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल नहीं हुए. पार्टी सूत्रों के अनुसार बिहार में सीएम नीतीश के पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के कारण वे दिल्ली नहीं गए. प्रगति यात्रा के क्रम में वे गुरुवार को बिहार के नालंदा जिले के दौरे पर थे. हालांकि सीएम नीतीश भले ही दिल्ली नहीं गए हों लेकिन उन्होंने अपने दो खास नेताओं को शपथ समारोह में भेजा. 


केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा दोनों ने शपथ समारोह में शामिल हुए. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य भाजपा नेताओं ने दोनों ने गर्मजोशी से मुलाकात की और अभिवादन किया. रेखा गुप्ता के शपथ ग्रहण के बाद अपने शुभकामना संदेश में ललन सिंह ने कहा कि 'आज दिल्ली के रामलीला मैदान में दिल्ली सरकार का शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुआ। श्रीमती रेखा गुप्ता जी को दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं राज्य मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों को पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आप सभी अपने सांगठनिक कौशल एवं कुशल नेतृत्व से दिल्ली में चहुंमुखी विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करें। आप सभी के उज्ज्वल कार्यकाल के लिए मंगलकामनाएं।'


संजय झा ने  दी बधाई

वहीं संजय झा ने भी दिल्ली की नव निर्वाचित मुख्यमंत्री और मंत्रियों को अपनी बधाई दी. उन्होंने कहा, 'दिल्ली की नई मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता जी और राज्य मंत्रिमंडल में शामिल हुए सभी नेतागण को पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई तथा उज्ज्वल कार्यकाल की अग्रिम शुभकामनाएँ। आपके नेतृत्व में दिल्ली विकास के नए आयाम गढ़े, जनता की आकांक्षाएं पूरी हों, ऐसी कामना करता हूँ।'


दोनों उप मुख्यमंत्री शामिल 

बिहार से शपथ ग्रहण में शामिल होने वाले अन्य प्रमुख नेताओं में राज्य के दोनों उप मुख्यमंत्री शामिल रहे. सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा दोनों ने रेखा गुप्ता सहित अन्य मंत्रियों को बधाई दी. इस दौरान कई अन्य नेताओं से भी दोनों की मुलाकात हुई. पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा भी शपथ समारोह में शामिल हुए. हालांकि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और जीतन राम मांझी नहीं शामिल हुए. 

विजय सिन्हा ने दी शुभकामना

विजय सिन्हा ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि 'रेखा गुप्ता जी को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई! यह ऐतिहासिक विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकासवादी विजन और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी के कुशल नेतृत्व का परिणाम है। अब तुष्टीकरण और झूठ की राजनीति को दरकिनार कर, विकास और सुशासन की नई गाथा लिखी जाएगी। ' उन्होंने आगे लिखा, 'आज शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर इस गौरवशाली क्षण का साक्षी बना। यह विजय चुनावी जीत नहीं, बल्कि दिल्ली की आकांक्षाओं की जीत है। अब दिल्ली को नए सपनों, नई ऊर्जा और नई दिशा के साथ सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध बनाने का संकल्प लिया गया है। हर नागरिक के हित में कार्य होंगे, हर गली-मोहल्ले में विकास की गूंज होगी, और दिल्ली दोगुनी रफ्तार से प्रगति की ओर बढ़ेगी'

Editor's Picks