Bihar News : पटना में चोरों का तांडव, बंद घर का ताला काटकर की 7 लाख के जेवरात और डेढ़ लाख नकद की चोरी

Bihar News : पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में चोर घर से करीब 7 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और डेढ़ लाख रुपये नकद चुराकर फरार हो गए।

बंद घर में चोरी - फोटो : ANIL

PATNA : पटना में चोरों का आतंक लगातार जारी है। ताजा मामला गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के पुलिस कॉलोनी से सटे एलबीएस पथ का है, जहां किराए के मकान में रहने वाले एक परिवार के घर को चोरों ने निशाना बनाया। चोर घर से करीब 7 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और डेढ़ लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसमें दो संदिग्ध युवक घर के आसपास मंडराते नजर आ रहे हैं।

घटना रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि की है। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक,रात करीब 12 बजकर 56 मिनट पर चोर घर में दाखिल हुए। मुख्य दरवाजे पर लगे ताले को काटकर अंदर घुसे चोरों ने करीब 28 मिनट तक घर के सामानों को खंगाला और फिर मौके से फरार हो गए।

दरअसल, दशहरा के मौके पर परिवार के सदस्य दुर्गा पूजा के पंडाल और प्रतिमा देखने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। सोमवार की अहले सुबह करीब दो बजे जब पीड़ित राजकुमार शर्मा परिवार के साथ वापस लौटे, तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर सामान बिखरा देखकर उन्हें चोरी का पता चला। इसके बाद पीड़ित परिवार ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोरी हुए डेढ़ लाख रुपये उनके बेटे की होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई से संबंधित कर्ज चुकाने के लिए अलमारी में रखे गए थे। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मचा हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं, वहीं पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल, पीड़ित के आवेदन के आधार पर पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई कर रही है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट