Bihar News: क्या कांटी-मड़वन की जनता की मुराद होगी पूरी? विधायक अजीत कुमार ने मुख्य सचिव को सौंपा ज्ञापन
Bihar News: विधायक ने मांग की कांटी और मड़वन के आसपास के प्रखंडों को मिलाकर कांटी में नया अनुमंडल स्थापित किया जाए। विधायक का कहना है कि इन विकल्पों पर अमल करने से क्षेत्र की जनता को यातायात, प्रशासनिक और अन्य बुनियादी सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी।
Bihar News: कांटी विधायक अजीत कुमार ने गुरुवार को मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपकर कांटी और मड़वन प्रखंड को मुजफ्फरपुर पूर्वी अनुमंडल से जोड़ने की मांग की है। अपने ज्ञापन में उन्होंने कहा कि कांटी और मड़वन उनके विधानसभा क्षेत्र के महत्वपूर्ण प्रखंड हैं और वर्तमान प्रस्ताव लागू होने से क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक व परिवहन संबंधी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
मुख्य सचिव को सौंपा ज्ञापन
विधायक ने बताया कि यदि अनुमंडल मुख्यालय मोतीपुर स्थानांतरित किया जाता है तो कांटी के पूर्वी क्षेत्र, सिकंदरपुर स्टेडियम से सटे हरपुर लोहड़ी, नगर निगम के वार्ड 1 और 12 तथा गंडक नदी पार के लोगों को प्रशासनिक, न्यायिक और अन्य कार्यों के लिए 40 से 50 किलोमीटर तक अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। इससे समय और धन की बर्बादी के साथ-साथ आम लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा।
सरकार के समक्ष रखे दो विकल्प
उन्होंने यह भी आशंका जताई कि अनुमंडलीय और पुलिस प्रशासन के पुनर्गठन से जनसंख्या संतुलन, नगर निकायों की सीमाएं और स्थानीय रोजगार की स्थिति भी प्रभावित हो सकती है। समाधान के तौर पर विधायक अजीत कुमार ने सरकार के समक्ष दो विकल्प रखे हैं। पहला, कांटी और मड़वन प्रखंडों को भौगोलिक स्थिति और जनहित को ध्यान में रखते हुए मुजफ्फरपुर पूर्वी अनुमंडल में शामिल किया जाए।
कांटी में स्थापित किया जाए नया अनुमंडल
यदि यह संभव न हो, तो कांटी और मड़वन के आसपास के प्रखंडों को मिलाकर कांटी में नया अनुमंडल स्थापित किया जाए। विधायक का कहना है कि इन विकल्पों पर अमल करने से क्षेत्र की जनता को यातायात, प्रशासनिक और अन्य बुनियादी सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी। उन्होंने सरकार से अपील की है कि आमजन की सुविधा और भावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस मुद्दे पर जनहित में निर्णय लिया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट