Bihar News: पेयजल, सड़क और जल निकासी पर अहम बैठक,कांटी-मड़वन के विकास को मिलेगी रफ्तार, विधायक ने मंत्रियों से की मुलाकात

Bihar News: बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार से कांटी विधायक अजीत कुमार ने मुलाकात की।

विधायक ने मंत्रियों से की मुलाकात- फोटो : reporter

Bihar News:  बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार से कांटी विधायक अजीत कुमार ने  मुलाकात कर कांटी-मड़वन क्षेत्र के विकास और जल संकट से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में क्षेत्र में गहराते पेयजल संकट, जल संरक्षण, सड़क निर्माण और शहरी सुविधाओं के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। विधायक ने मंत्रियों को बताया कि कांटी के कई ग्रामीण इलाके अब नगर परिषद में शामिल हो चुके हैं, लेकिन वहां आज भी बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी बनी हुई है।

उन्होंने मांग की कि इन क्षेत्रों में पोखरों का निर्माण और पुराने पोखरों का जीर्णोद्धार कराया जाए, ताकि जल संरक्षण को बढ़ावा मिले और भूजल स्तर में सुधार हो सके। विधायक ने कहा कि लगातार गिरते भूजल स्तर को देखते हुए जल संचय की मजबूत व्यवस्था बेहद जरूरी हो गई है।

इसके अलावा सड़क निर्माण, जल निकासी व्यवस्था, नालों के निर्माण और साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने पर भी विशेष चर्चा हुई। विधायक ने कहा कि कांटी-मड़वन क्षेत्र में तेजी से विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की जरूरत है, ताकि लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सकें। बैठक के दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास पर भी जोर दिया गया। विधायक ने क्षेत्र में जनसुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता बताते हुए कई प्रस्ताव मंत्रियों के समक्ष रखे।

वहीं दोनों मंत्रियों ने कांटी क्षेत्र के विकास और जल संकट के स्थायी समाधान को लेकर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक कदम उठाएगी और योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। इस बैठक को कांटी-मड़वन क्षेत्र के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में कई नई परियोजनाओं को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

रिपोर्ट- नरोत्तम कुमार सिंह