पटना में लोगों को मौत के घाट उतारने वाले कुख्यात बदमाश गिरफ्तार, चार आरोपी धराए
पटना के अलग अलग थाना क्षेत्रों में हत्या के मामलों में वांछित बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार 4 आरोपियों के खिलाफ अलग अलग थानों में मामला दर्ज है.
Patna Crime News : राजधानी पटना में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हत्याकांडों में शामिल चार अपराधियों को पटना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार अपराधियों का संबंध हाल के चर्चित हत्या मामलों से है। ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने शनिवार को पटना सिटी में प्रेस वार्ता में बताया कि 7 मई को दिदारगंज थाना क्षेत्र के कोठियां इलाके में हर्ष नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुखु और गौरव के रूप में हुई है। हालांकि, हत्या में इस्तेमाल हथियार अब तक बरामद नहीं किया जा सका है।
ग्रामीण एसपी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हर्ष की हत्या आपसी रंजिश और छेड़खानी को लेकर हुए विवाद के बाद की गई थी। पुलिस ने बताया कि मृतक हर्ष का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ परसा थाना में लूट और दिदारगंज थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज थे। वह पूर्व में जेल भी जा चुका था।
पुलिस ने बताया कि इसके अलावा बख्तियारपुर और नदी थाना क्षेत्र से भी हत्या मामलों में शामिल दो अन्य अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इन सभी से पूछताछ की जा रही है और कई अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
ग्रामीण एसपी ने कहा कि राजधानी और आसपास के इलाकों में अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। हत्या और अन्य गंभीर मामलों में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हाल के दिनों में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को देखते हुए निगरानी और गश्ती बढ़ा दी गई है। साथ ही अपराधियों के नेटवर्क को खंगालने का काम भी जारी है।
रजनीश की रिपोर्ट