खान सर ने कारोबारी संग मिलकर कराई भाई प्रिंस की हत्या ! जेल से बाहर आते ही रौशन आनंद का बड़ा दावा

रौशन आनंद ने कहा कि उनके भाई प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में योजनाबद्ध तरीके से हत्या कराई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि खान सर और आर.एस. प्रसाद ने मिलकर पूरे घटनाक्रम की साजिश रची

Roshan Anand- फोटो : news4nation

Bihar News :  पटना के चर्चित ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के संचालक रौशन आनंद ने जमानत मिलने के बाद खान ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक फैजल खान उर्फ खान सर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सोमवार को मीडिया से बातचीत करते हुए रौशन आनंद ने दावा किया कि उनके छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल में हुई मौत कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्या है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस साजिश में खान सर और किसान कोल्ड स्टोर के मालिक आर.एस. प्रसाद की भूमिका है।


रौशन आनंद ने कहा कि उनके भाई प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में योजनाबद्ध तरीके से हत्या कराई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि खान सर और आर.एस. प्रसाद ने मिलकर पूरे घटनाक्रम की साजिश रची और उनके भाई की जान ली। हालांकि उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में सार्वजनिक रूप से कोई साक्ष्य पेश नहीं किया।


कोचिंग विवाद से जेल तक

दरअसल, हाल के दिनों में खान सर और ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद के बीच विवाद सुर्खियों में रहा है। दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच हुए विवाद और हंगामे के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा था। इसी प्रकरण में दर्ज मामले में रौशन आनंद को गिरफ्तार किया गया था। सोमवार को उन्हें अदालत से जमानत मिल गई, जिसके बाद उन्होंने मीडिया के सामने आकर यह बड़ा आरोप लगाया।


सीबीआई से हो जांच

रौशन आनंद ने केंद्र और बिहार सरकार से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बिहार और केंद्र में डबल इंजन की सरकार है, इसलिए एक विशेष जांच समिति गठित की जानी चाहिए और मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराई जानी चाहिए। उनका कहना है कि निष्पक्ष जांच से ही प्रिंस यादव की मौत के पीछे की वास्तविक सच्चाई सामने आ सकेगी।


नेपाल में भाई की मौत 

गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। इस घटना के बाद से परिवार लगातार मौत के कारणों पर सवाल उठा रहा है। वहीं अब रौशन आनंद द्वारा सीधे तौर पर खान सर और एक कारोबारी पर हत्या का आरोप लगाए जाने से मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है।


फिलहाल प्रिंस यादव की मौत के मामले में जांच एजेंसियों की ओर से हत्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वहीं खान सर या आर.एस. प्रसाद की ओर से भी इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

अनिल की रिपोर्ट