Bihar Politics: सीएम नीतीश से मिलने पहुंचे ललन सिंह, मुख्यमंत्री आवास पर बढ़ी हलचल, आज होगा अंतिम फैसला

Bihar Politics: बिहार में सियासी सरगर्मी हाई है। सीएम नीतीश से मिलने के लिए केंद्रीय मंत्री ललन सिंह सीएम आवास पहुंचे हैं। सीएम नीतीश और ललन सिंह आज कई अहम फैसले ले सकते हैं।

सीएम आवास पहुंचे ललन सिंह - फोटो : News4nation

Bihar Politics: बिहार की राजनीति में जारी भूचाल अब अपने आखिरी पड़ाव की ओर पहुंचता देख रहा है। नई सरकार के गठन को लेकर अब सस्पेंस खत्म होता नजर आ रहा है। लगभग साफ है कि खरमास के बाद बिहार को नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा। हालांकि अब भी सस्पेंस बना हुआ है कि आखिरी सीएम कौन होगा। दूसरी ओर सीएम नीतीश के बेटे निशांत ने भी डिप्टी सीएम बनने से इनकार कर दिया है। सियासी कयासों के बीच सोमवार को सीएम आवास के बाहर हलचल बढ़ गई है। सीएम नीतीश से मिलने केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह पहुंचे हैं। माना जा रहा है कि ललन सिंह सीएम नीतीश के साथ मिलकर अंतिम फैसला लेंगे। 

ललन सिंह पहुंचे सीएम आवास 

सूत्रों के अनुसार, ललन सिंह और नीतीश कुमार के बीच नई सरकार के गठन को लेकर अहम बातचीत चल रही है। दिल्ली से लौटने के बाद ललन सिंह उत्तर प्रदेश में पूजा-अर्चना करने के बाद सीधे पटना पहुंचे और मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचकर मुलाकात की। माना जा रहा है कि इस मुलाकात में सरकार गठन की रणनीति, मंत्रिमंडल के स्वरूप और राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा हो रही है। बिहार में बदलते सियासी घटनाक्रम के बीच यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

कई अहम फैसलों पर लगेगी मुहर 

सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार आज सीएम हाउस में हो रही बैठक में कई अहम फैसले लिए जाएंगे। कई फैसलों पर अंतिम मुहर लगेगी। अगले 48 घंटे में बिहार को नया सीएम मिल जाएगा। आज की बैठक में सरकार गठन से जुड़े सभी अहम फैसलों पर मुहर लगाई जाएगी। इसमें यह भी तय होगा कि जदयू की ओर से उपमुख्यमंत्री कौन होगा और किन नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह मिलेगी। जानकारी अनुसार मुख्यमंत्री आवास पर होने वाली बैठकों में मंत्रिमंडल के आकार, जातीय और राजनीतिक संतुलन, तथा नए-पुराने चेहरों के समावेश पर गहन चर्चा हो रही है। इस पूरी प्रक्रिया में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह की भूमिका अहम मानी जा रही है जो पटना पहुंचकर अंतिम रणनीति को आकार देंगे।

कल सीएम नीतीश देंगे इस्तीफा 

14 अप्रैल को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की अंतिम बैठक प्रस्तावित है। बैठक के बाद उनके मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की संभावना है, जिसके साथ ही मौजूदा सरकार का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। इसके तुरंत बाद एनडीए विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी। जिसमें नए नेता का चुनाव किया जाएगा। इस प्रक्रिया के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। उनकी मौजूदगी में नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी। सूत्रों के मुताबिक, 15 अप्रैल को नए मुख्यमंत्री के नाम का औपचारिक ऐलान किया जा सकता है और उसी दिन शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित होने की संभावना है। 

डिप्टी सीएम को लेकर पेच

नई सरकार में दो उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा है, जो जेडीयू कोटे से होंगे। हालांकि, निशांत कुमार के डिप्टी सीएम बनने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। बताया जा रहा है कि वे फिलहाल इस पद को स्वीकार करने के पक्ष में नहीं हैं और अगले एक साल तक राज्य भ्रमण करना चाहते हैं। पार्टी का एक धड़ा उन्हें मनाने की कोशिश में जुटा है। यदि वे राजी नहीं होते हैं, तो जेडीयू की ओर से दो अलग-अलग सामाजिक वर्गों से डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं। ललन सिंह आज डिप्टी सीएम कौन बनेगा इस पर भी फैसला ले सकते हैं।

पटना से अभिजीत की रिपोर्ट