बिहार की सियासत में नई रणनीति ! CM सम्राट से मिले केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, बढ़ाई सियासी हलचल

ललन सिंह की यह मुलाकात इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि पिछले कुछ समय से जदयू के भीतर उनकी भूमिका और राजनीतिक सक्रियता को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं।

Lalan Singh Meets CM Samrat Choudhary- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार की सियासत में शुक्रवार को एक अहम मुलाकात ने राजनीतिक हलकों में चर्चाओं को तेज कर दिया। केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से लोक सेवक आवास पहुंचकर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच आधे घंटे से अधिक समय तक बातचीत हुई। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब बिहार की राजनीति में कई महत्वपूर्ण घटनाक्रम एक साथ आकार ले रहे हैं। ऐसे में इस मुलाकात को महज औपचारिक शिष्टाचार भेंट के तौर पर नहीं देखा जा रहा है।


दरअसल, सीएम सम्राट ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम नीतीश सेतु किए जाने की घोषणा की है। इस परियोजना का शिलान्यास मुख्यमंत्री रहते हुए नीतीश कुमार ने किया था। अब बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस पुल को नीतीश कुमार के नाम से जोड़ने का ऐलान किया है। इसे जदयू और भाजपा के बीच राजनीतिक समन्वय तथा नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत को सम्मान देने के संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है।


वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार आने वाले हैं। इस दौरान उनके कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का उद्घाटन करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके साथ ही राज्य में एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने के मौके पर भी राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। इन तमाम घटनाक्रमों के बीच ललन सिंह का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलना खास मायने रखता है।


ललन सिंह की यह मुलाकात इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि पिछले कुछ समय से जदयू के भीतर उनकी भूमिका और राजनीतिक सक्रियता को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। पार्टी में उनके कथित तौर पर अलग-थलग पड़ने की चर्चाएं भी राजनीतिक गलियारों में होती रही हैं। जदयू की बैठकों, संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी के भीतर बदलते समीकरणों को लेकर भी उनके नाम पर कई तरह की चर्चाएं सामने आती रही हैं।


हालांकि, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से उनकी मुलाकात ने इन अटकलों के बीच एक नया सियासी संदेश दिया है। ललन सिंह जदयू के उन वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं, जिनकी बिहार की राजनीति और एनडीए के भीतर अहम भूमिका रही है। मुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात को आने वाले दिनों में एनडीए की रणनीति और जदयू-भाजपा के तालमेल के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


फिलहाल, दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत का आधिकारिक एजेंडा सामने नहीं आया है। लेकिन नीतीश सेतु के नामकरण, प्रधानमंत्री के प्रस्तावित बिहार दौरे और जदयू के अंदरूनी समीकरणों के बीच इस मुलाकात ने बिहार की सियासत में नई चर्चा जरूर छेड़ दी है।