मोबाइल की गैलरी ने खोला अवैध हथियार का राज, बेड के नीचे तकिए से बड़ी बरामदगी

मोबाइल कई अपराध से पर्दा हटा डेटा है. ऐसा ही एक मामला मोहनिया में सामने आया है जहाँ मोबाइल के गैलरी में मिली तस्वीरों ने अवैध हथियार के एक बड़े खेल का खुलासा करा दिया

Mobile Gallery Exposes Illegal Gun
Mobile Gallery Exposes Illegal Gun- फोटो : news4nation

Bihar News :  कैमरे में कैद एक तस्वीर ने पुलिस के सामने अवैध हथियार रखने का राज खोल दिया। बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया में नशे के मामले में हिरासत में लिए गए एक युवक के मोबाइल फोन की गैलरी में देसी पिस्टल की तस्वीर मिली। इसके बाद पुलिस ने जब उससे सख्ती से पूछताछ की तो हथियार छिपाने की बात सामने आई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर में बेड के नीचे तकिए में छिपाकर रखी गई एक देसी पिस्टल बरामद की है।


मामला मोहनिया थाना क्षेत्र के परशुरामपुर गांव का है। जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर को पुलिस ने नशे से जुड़े मामले में स्वप्नील कुमार सिंह उर्फ बिट्टू सिंह (29 वर्ष) को हिरासत में लिया था। पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस ने उसका मोबाइल फोन खंगाला। इसी क्रम में मोबाइल की गैलरी में देसी पिस्टल की एक तस्वीर मिली। तस्वीर सामने आने के बाद पुलिस को युवक के पास अवैध हथियार होने का संदेह हुआ।


इसके बाद पुलिस ने स्वप्नील से पूछताछ की। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली। इस दौरान कमरे में बेड के नीचे रखे तकिए से एक देसी पिस्टल बरामद हुई। आरोपी ने हथियार को छिपाकर रखा था।


40 हजार रुपये में खरीदी थी पिस्टल

पुलिस की पूछताछ में स्वप्नील कुमार सिंह ने बताया कि उसने करीब पांच महीने पहले मुजान गांव के रहने वाले छोटू कुमार से 40 हजार रुपये में यह देसी पिस्टल खरीदी थी। इस खुलासे के बाद पुलिस ने छोटू कुमार को भी मामले में आरोपी बनाया है। हालांकि, वह फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।


इस मामले में मोहनिया थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्वप्नील कुमार सिंह उर्फ बिट्टू सिंह को आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)a/26/35 के तहत गिरफ्तार कर लिया है।


शुक्रवार को मोहनिया एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने हथियार किस उद्देश्य से खरीदा था और इस अवैध हथियार की खरीद-बिक्री के पीछे कोई अन्य नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। फरार आरोपी छोटू कुमार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

देव तिवारी की रिपोर्ट