लालू यादव के बर्थडे पर गरजीं बेटी रागिनी, मीसा ने सम्राट सरकार को घेरा, 'रात में केक काटकर सुबह सुबह समर्थकों संग भोज'

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का जन्म 11 जून 1948 को हुआ था। गुरुवार को उन्होंने अपना 78वां जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर उनकी बेटियों ने बिहार सरकार को सुरक्षा के मसले पर जोरदार तरीके से घेरा है

Lalu Yadav Birthday- फोटो : news4nation

Lalu Yadav :  राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन के मौके पर गुरुवार को परिवार और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल दिखा। इस दौरान उनकी बेटी रागिनी यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए बिहार सरकार पर जमकर हमला बोला। रागिनी यादव ने कहा कि उनकी कामना है कि "हमारी उम्र भी पिताजी को लग जाए और वे हजारों साल जिएं।" 


उन्होंने दावा किया कि पूरे बिहार की जनता लालू प्रसाद यादव के साथ खड़ी है। बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और अपराध की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास के बाहर शव मिलने की घटना का जिक्र करते हुए सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए। रागिनी ने कहा कि सुरक्षा में कटौती कोई बड़ी बात नहीं है, क्योंकि पार्टी के कार्यकर्ता लगातार उनके परिवार के साथ खड़े हैं और उनकी सुरक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।


वहीं, राजद सांसद मीसा भारती ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज लालू प्रसाद यादव का जन्मदिन है और पूरा राष्ट्रीय जनता दल तथा बिहार की जनता उनके साथ है। मीसा ने आरोप लगाया कि सरकार न तो रोजगार देने में सफल रही है, न ही पलायन और महंगाई पर नियंत्रण कर पा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास अब केवल नेताओं के बंगले खाली कराने और सुरक्षा घटाने जैसे काम ही बचे हैं। मीसा भारती ने कहा कि पिछले छह दिनों से राजद कार्यकर्ता उनके परिवार और पार्टी नेताओं की सुरक्षा में लगे हुए हैं। इसके लिए उन्होंने कार्यकर्ताओं का आभार भी व्यक्त किया।


आधी रात को केक काटकर मनाया जन्मदिन

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का जन्म 11 जून 1948 को हुआ था। गुरुवार को उन्होंने अपना 78वां जन्मदिन मनाया। जन्मदिन की शुरुआत देर रात परिवार के बीच केक काटकर हुई, जिसकी तस्वीरें भी सामने आईं। लालू यादव ने पत्नी राबड़ी देवी, बेटे तेजस्वी यादव और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ केक काटा। 


समर्थकों से मिले, भोज कार्यक्रम में शामिल

जन्मदिन के अवसर पर सुबह से ही 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास पर समर्थकों और राजद कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा। लालू यादव घर से बाहर निकलकर समर्थकों का अभिवादन करते नजर आए। पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा गरीबों और समर्थकों के लिए भोज तथा सामाजिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। राजद लंबे समय से 11 जून को सामाजिक न्याय और सद्भावना दिवस के रूप में मनाती रही है।  इस दौरान देशभर के कई राजनीतिक नेताओं ने भी लालू प्रसाद यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।  
अभिजीत की रिपोर्ट