Patna News:वाहन चेकिंग के दौरान कट्टा और 19 कारतूस के साथ अपराधी गिरफ्तार,ज़मीन विवाद में हत्या की साजिश नाकाम
सघन वाहन चेकिंग के दौरान फतुहा पुलिस ने ग्यासपुर बरणा निवासी धर्मेंद्र कुमार को एक लोडेड देशी कट्टा, 19 जिंदा कारतूस और बाइक के साथ धर दबोचा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गांव के ही एक शख्स से जमीनी विवाद के चलते उसकी हत्या की फिराक में था।
पटना सिटी के फतुहा थाना क्षेत्र में पुलिस को वाहन चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम द्वारा चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसकी कमर से अवैध देशी कट्टा और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को तुरंत मौके पर ही धर दबोचा। मामले की जानकारी फतुहा एसडीपीओ ने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
ज़मीन विवाद में हत्या की थी साजिश, टली बड़ी वारदात
पुलिस की पूछताछ और जांच में गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान ग्यासपुर बरणा निवासी 40 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार (पिता- रामचंद्र प्रसाद) के रूप में हुई है। एसडीपीओ ने बताया कि धर्मेंद्र का अपने ही गांव के अंजनी गोप के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने अंजनी गोप की हत्या के इरादे से यह हथियार और कारतूस रखे थे। पुलिस की मुस्तैदी से एक बड़ी आपराधिक घटना होने से बच गई।
देशी कट्टा, 19 जिंदा कारतूस और बाइक जब्त
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक लोडेड देशी कट्टा, एक मेहरून रंग की थैली में रखे 19 राउंड जिंदा कारतूस, एक हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल और एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने फतुहा थाना में कांड संख्या 494/26 दर्ज करते हुए आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट (Arms Act) की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस टीम की तत्परता, आरोपी भेजा गया जेल
इस सफल कार्रवाई में फतुहा थानाध्यक्ष श्रीमंत कुमार सुमन के साथ पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार, इन्द्रजीत कुमार शर्मा, विकास कुमार और सिपाही राकेश कुमार तथा कमलेश्वर यादव शामिल थे। फतुहा पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपी धर्मेंद्र कुमार को न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
पटनासिटी से रजनीश की रिपोर्ट